Khamenei के खात्मे से दहला मिडिल ईस्ट, Delhi से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ठप! IGI ने जारी किया इमरजेंसी अलर्ट
मिडिल ईस्ट में छिड़ी भीषण जंग और ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद अब पूरी दुनिया के साथ-साथ भारत में भी अलर्ट है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट ने एक गंभीर 'पैसेंजर एडवाइजरी' जारी कर यात्रियों को चेतावनी दी है कि वे बिना पुष्टि के एयरपोर्ट न आएं।
हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद होने के कारण अंतरराष्ट्रीय रूट पूरी तरह प्रभावित हुए हैं, जिससे हजारों यात्री फंसे हुए हैं। इस तनाव के बीच ईरान से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है।

IGI एयरपोर्ट ने जारी की पैसेंजर एडवाइजरी
दिल्ली एयरपोर्ट (DIAL) ने यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण 'पैसेंजर एडवाइजरी' जारी की है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, मध्य पूर्व में उभरती राजनीतिक स्थिति के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों (Westbound international flights) के समय में बदलाव हो सकता है या उन्हें रद्द किया जा सकता है।
अथॉरिटी ने यात्रियों के लिए निम्नलिखित निर्देश जारी किए हैं:
- यात्री एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइंस से अपनी उड़ान की स्थिति की जांच जरूर करें।
- उड़ानों के ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.newdelhiairport.in का संदर्भ लें।
- स्थिति के बारे में केवल आधिकारिक चैनलों से प्राप्त सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें।
एयरपोर्ट पर यात्रियों का बुरा हाल
आईजीआई एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों में भारी नाराजगी और अनिश्चितता का माहौल है। सऊदी अरब जाने का इंतजार कर रहे एक यात्री ने बताया, 'मैं पिछले 14 घंटों से इंतजार कर रहा हूं। मेरी फ्लाइट रद्द कर दी गई और एयरलाइन की ओर से कोई स्पष्ट अपडेट नहीं मिल रहा है। यहां रुकना और इंतजार करना बेहद मुश्किल होता जा रहा है।'
लगभग 444 उड़ानें रद्द होने की संभावना
नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने जानकारी दी है कि आज भी लगभग 444 उड़ानें रद्द होने की संभावना है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि महानिदेशालय नागरिक उड्डयन (DGCA) यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी एयरलाइनों के साथ निरंतर समन्वय कर रहा है।
ईरान में नेतृत्व का संकट: खामेनेई की मौत
ईरान ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों में उनके सर्वोच्च नेता अली खामेनेई मारे गए हैं। इसके बाद ईरान में 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है। इजरायली अधिकारियों के अनुसार, खामेनेई का शव उनके परिसर के मलबे से बरामद किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि वाशिंगटन ने इजरायल के साथ मिलकर रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया है।
ईरान में दहशत और उत्तराधिकार की चुनौती
खामेनेई की मौत के बाद ईरान के सामने सबसे बड़ी चुनौती सत्ता के हस्तांतरण की है। विशेषज्ञों का मानना है कि अचानक पैदा हुए इस शून्य को भरना ईरान के लिए कठिन परीक्षा होगी। उत्तराधिकारी की दौड़ में मुजतबा खामेनेई और हसन खुमैनी के नाम चर्चा में हैं, लेकिन रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के साथ तालमेल बिठाना भविष्य के नेतृत्व के लिए बड़ी चुनौती होगी।












Click it and Unblock the Notifications