अमेरिका दौरे के बाद एक्शन में दिलीप संघानी, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बनी नई रणनीति
इफको (IFFCO) के चेयरमैन दिलीप संघानी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान संघानी ने कहा, "कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में श्री शिवराज सिंह चौहान का दूरदर्शी नेतृत्व और किसानों के कल्याण के प्रति उनका समर्पण वाकई काबिले तारीफ है।"

बैठक में दिलीप संघानी ने अपने हालिया अमेरिका दौरे से जुड़ी अहम जानकारियां और अनुभव साझा किए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को वहां हुए विभिन्न कार्यक्रमों, हाई-लेवल मीटिंग्स और कृषि व सहकारिता क्षेत्र से जुड़े अनुभवों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही, अमेरिका में कृषि नवाचार (इनोवेशन), सहकारी मॉडल, एग्रीबिजनेस डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और किसानों पर केंद्रित पहलों को लेकर हुई चर्चाओं की भी जानकारी दी।
इस दौरान भारत और अमेरिका के बीच कृषि, सहकारिता, खाद्य सुरक्षा और एग्री-टेक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं पर भी सार्थक चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच ज्ञान, तकनीक और बेहतरीन कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) के आदान-प्रदान को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
संघानी ने कृषि क्षेत्र में सुधारों और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए शिवराज सिंह चौहान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने भरोसा जताया कि चौहान के नेतृत्व में भारत का कृषि और सहकारिता क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छुएगा, जिससे किसानों की आय और उत्पादकता में बढ़ोतरी होगी। इस मुलाकात को भारतीय कृषि और सहकारी क्षेत्र को वैश्विक मानकों से जोड़ने और किसानों के फायदे के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications