आप भी खाना खाने से पहले और बाद में पीते हैं चाय-कॉफी? तो संभल जाएं
ICMR Advised avoiding Tea or coffee: भारतीयों का सबसे ज्यादा पंसदीदा अगर कोई पेय है तो वो चाय है। ऐसे में चाय के शौकीन लोग दिन हो या फिर रात चाय पीने का समय नहीं देखते, लेकिन जो लोग खाना खाने से पहले और बाद में चाय-कॉफी पीते हैं तो उनको संभलने की जरूरत है, क्योंकि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने ऐसे लोगों को चेतावनी जारी की है।
दरअसल, ICMR ने हाल ही में भारतीयों के लिए 17 आहार (डाइट) संबंधी गाइडलाइन का एक सेट जारी किया है। जिसमें स्वस्थ जीवन के साथ संतुलित और विविध प्रकार के आहार पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा चाय और कॉफी को लेकर बड़ी सलाह जारी की है। ICMR ने चाय और कॉफी के सेवन में संयम बरतने की एडवाइज दी है। दिशानिर्देशों में से एक में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (एनआईएन) के अनुसंधान विंग के मेडिकल पैनल ने बताया कि चाय और कॉफी की खपत को सीमित रखा जाना चाहिए।
यह देखते हुए कि भारत की एक बड़ी आबादी अपने पसंदीदा गर्म पेय के रूप में चाय या कॉफी का सेवन करती है, आईसीएमआर ने ऐसे लोगों को भोजन से ठीक पहले या बाद में इनका सेवन न करने की चेतावनी दी है।
आईसीएमआर शोधकर्ताओं ने बताया, "चाय और कॉफी में कैफीन होता है, जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र यानी सेंट्रल नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करता है और और शरीर में हलचल पैदा कर देता है।।" हालांकि उन्होंने लोगों को चाय या कॉफी से पूरी तरह परहेज करने के लिए नहीं कहा, लेकिन उन्होंने भारतीयों को इन पेय पदार्थों में कैफीन की मात्रा से सावधान रहने के लिए आगाह किया है।
एक कप (150 मिली) ब्रूड कॉफी में 80-120 मिलीग्राम कैफीन होता है, इंस्टेंट कॉफी में 50-65 मिलीग्राम और चाय में 30-65 मिलीग्राम कैफीन होता है। ऐसे में आईसीएमआर चाय और कॉफी के सेवन में संयम बरतने की सलाह दी जाती है ताकि कैफीन का सेवन सहनीय सीमा (300 मिलीग्राम/दिन) से अधिक ना हो।
उन्होंने लोगों से भोजन से कम से कम एक घंटा पहले और एक घंटे बाद में कॉफी और चाय पीने से बचने को कहा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि इन पेय पदार्थों में टैनिन नामक कंपाउंड होता है। जब इसका सेवन किया जाता है, तो टैनिन शरीर में आयरन के अवशोषण में बाधा उत्पन्न कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications