ICICI Bank-Videocon case: पूछताछ के लिए ED के दफ्तर पहुंची चंदा कोचर
नई दिल्ली। आईसीआईसीआई बैंक-वीडियोकॉन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व एमडी और सीईओ चंदा कोचर और दीपक कोचर पूछताछ में सहयोग के लिए प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर पहुंचे हैं। दोनों से प्रवर्तन निदेशालय के मुंबई स्थित दफ्तर में पूछताछ की जाएगी। ईडी ने इस मामले में वीडियोकॉन ग्रुप के चेयरमैन वेणुगोपाल धूत को भी शनिवार को पूछताछ के लिए बुलाया है।

इसके पहले, आईसीआईसीआई बैंक-वीडियोकॉन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमारी की थी। प्रवर्तन निदेशालय ने ये छापेमारी आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व एमडी और सीईओ चंदा कोचर के ठिकानों पर की। इसके अलावा वीडियोकॉन ग्रुप के चेयरमैन वेणुगोपाल के ठिकानों पर भी ये छापेमारी की गई थी। प्रवर्तन निदेशालय ने मुंबई और औरंगाबाद में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुंबई और अन्य जगहों पर कम से कम पांच दफ्तरों और आवासीय परिसर में ये छापेमारी की गई थी। ईडी की तरफ से एक बयान जारी कर गया गया था कि मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत मुंबई में कोचर और औरंगाबाद में धूत के परिसरों की तलाशी की गई है। वीडियोकॉन ग्रुप के प्रमोटर वेणुगोपाल धूत की फर्म को करोड़ों रुपए का लोन देने के मामले में चंदा कोचर पर फर्जीवाड़े का आरोप लगा था। इस फर्म में दीपक कोचर जोकि चंदा कोचर के पति हैं और उनके दो अन्य रिश्तेदार शामिल थे। फर्म को 3250 करोड़ रुपए का लोन दिया गया था।
चंदा कोचर पर आरोप लगा कि उन्होंने अपने पति की कंपनी को गलत तरह से लाभ पहुंचाया था। पहले, सीबीआई ने आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व-सीईओ चंदा कोचर से जुड़े वीडियोकॉन लोन केस से मामले में एफआईआर दर्ज किया था। इस FIR के बाद जांच एजेंसी ने वीडियोकॉन और न्यूपावर के कई ठिकानों पर रेड भी की थी। महाराष्ट्र में कई ठिकानों पर सीबीआई छापेमारी की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications