पत्नी से यूपी पुलिस की हरकत पर परेशान हैं रॉबर्ट वाड्रा, बोले- लेकिन प्रियंका ने जो किया उस पर गर्व है
Recommended Video
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने रविवार को कहा है कि, 'प्रियंका गांधी आप पर मुझे गर्व है, आपने जो किया सही किया'। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि, 'मुझे प्रियंका के दयावान होने और उन लोगों तक पहुंचने के लिए आप पर गर्व है, जिन्हें आपकी जरूरत है। आपने जो किया वह सही था और जरूरतमंद लोगों के साथ या उनते दुःख में शामिल होना कोई अपराध नहीं है।
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा प्रियंका के साथ जिस तरह की हरकत की गई, उसे देखकर मैं बेहद परेशान हूं। एक पुलिसकर्मी ने प्रियंका का गला दबा दिया था, जबकि एक अन्य ने उन्हें ऐसा धक्का दिया कि वो गिर गईं। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि, इसके बाद भी प्रियंका का हौसला नहीं टूटा। वो दोपहिया वाहन पर सवार होकर पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचीं।
आपको बता दें कि शनिवार को पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी के परिजनों से मुलाकात के लिए जाते वक्त पुलिस के साथ प्रियंका की झड़प हो गई थी। पुलिस ने प्रियंका की गाड़ी को जबरन लोहिया पार्क के सामने रोक लिया था। पुलिस ने कहा कि बिना पूर्वसूचना के सुरक्षा कारणों से उन्हें ऐसा करना पड़ रहा है। इसपर प्रियंका ने आपत्ति जताई और कहा कि जिस तरह से पुलिस ने उन्हें रोका उससे हादसा भी हो सकता था। उन्होंने पुलिस पर यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनका गला दबाकर रोका। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मुझे धक्का दिया, जिसके कारण मैं गिर गई।