Telangana Water Crisis: ग्रेटर हैदराबाद में treated water का उपयोग अनिवार्य, CM रेवंत रेड्डी के कड़े निर्देश
आप भी अगर हैदराबाद में रहते हैं तो यह समाचार अच्छे से समझ लें वरना भारी जुर्माना भरना पड सकता है। दरअसल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने ग्रेटर हैदराबाद (GHMC) सीमा के तहत गैर-पेयजल (Non-potable) आवश्यकताओं के लिए शोधित जल (Treated Water) के व्यापक उपयोग को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने 1 नवंबर 2026 से सभी सरकारी व व्यावसायिक परिसरों में treated water की आपूर्ति लागू करने के निर्देश दिए हैं।
आपको बताते चलें कि हैदराबाद इस समय संभावित जल-संकट से जूझ रहा है। जरूरत से कम वर्षा और डैम और जलाशयों के आस पास बेतरतीब निर्माण और रख-रखाव के कारण तेलंगना की राजधानी में पानी की समस्या से आए दिन दो-चार होना पडता है।

इस दिशा-निर्देश में साफ तौर पर कहा गया है कि सभी गैर-पेयजल कार्यों में शोधित जल का उपयोग अनिवार्य किया जाएगा। राज्य सचिवालय, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, सार्वजनिक पार्कों, आउटर रिंग रोड (ORR) की सड़कों की सफाई और डेटा सेंटरों में केवल treated water का उपयोग किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, रेलवे और हैदराबाद मेट्रो रेल को गैर-पेयजल आवश्यकताओं के लिए अनिवार्य रूप से treated water का उपयोग शुरू करने का आदेश दिया गया है। नए भवनों के निर्माण परमिट (Building Permit Approvals) में treated water के अनिवार्य उपयोग की शर्त को जोड़ा जाएगा।
राज्य सरकार ने STP संचालन में AI और तकनीक के प्रयोग पर बल दिया है। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों (STPs) के कुशल संचालन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग किया जाएगा। जल गुणवत्ता की निगरानी के लिए एक विशेष अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, साथ ही, सभी STPs को कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से एकीकृत (Integrate) किया जाएगा। STPs की निगरानी का अधिकार HYDRAA को सौंपा गया है।
तेलंगाना सरकार ने नवीकरणीय ऊर्जा और निजी भागीदारी को आगे बढाने के लिए गंभीर प्रयास दिखाए हैं। बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए STPs को सोलर पावर (सौर ऊर्जा) से चलाने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। निजी एजेंसियों को भी STPs स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ट्रैकिंग और जन जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया। सीएम रेड्डी ने कहा कि treated water ले जाने वाले टैंकरों की ट्रैकिंग (GPS Tracking) की जाएगी। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और नागरिकों/संस्थानों के अनुरोधों के लिए एक टोल-फ्री नंबर स्थापित किया जाएगा।
ये तमाम कवायद इसलिए किए जाने जरूरी है ताकि प्रदेश की राजधानी में पेयजल की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। बैठक के दौरान हैदराबाद में पेयजल की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य की जरूरतों के अनुसार अभी से कदम उठाए जाएं ताकि शहर में पीने के पानी की कोई किल्लत न हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि पेय जल आपूर्त्ती पर मुश्तैद निगरानी रखी जाएगी।
इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग में मुख्य सचिव संजय जाजू, सीएमओ सचिव मानिक राज, वॉटर बोर्ड के प्रबंध निदेशक अशोक रेड्डी, साइबरबाद नगर आयुक्त सृजना, मल्काजगिरि नगर आयुक्त विनय कृष्णा रेड्डी, टीजीएसपीडीसीएल के एमडी जितेश वी. पाटिल और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव रवि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Click it and Unblock the Notifications
