Hyderabad IMD Bomb Threat: मौसम विभाग के दफ्तर को बम की धमकी वाला ई-मेल, खाली कराई गई पूरी बिल्डिंग
Hyderabad IMD Bomb Threat: हैदराबाद के बेगमपेट स्थित मौसम विभाग (IMD) कार्यालय में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब संस्थान के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम लगाए जाने की धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ई-मेल में दावा किया गया था कि कार्यालय परिसर में कई जगहों पर विस्फोटक लगाए गए हैं, जो दोपहर तक विस्फोट कर सकते हैं।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक श्रीनिवास ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे यह ई-मेल मिला था। संदेश में दावा किया गया था कि इमारत के भीतर बम लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही विभाग ने तुरंत अपने मुख्यालय, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते को सूचित कर दिया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे परिसर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

Hyderabad IMD Bomb Threat: जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
- अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 10 बजे बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरे भवन और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की।
- हर कमरे, कॉरिडोर और परिसर के बाहरी हिस्सों की जांच आधुनिक उपकरणों की मदद से की गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
- इसके बाद अधिकारियों ने इसे फर्जी धमकी (Hoax) करार दिया। इसके बाद ईमेल भेजनेवाले के आईपी अड्रेस की जांच की जा रही है।
IMD Bomb Threat: सुरक्षा कारणों से पूरे आफिस को खाली कराया गया
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पूरे कार्यालय परिसर को अस्थायी रूप से खाली कराया गया था और जांच पूरी होने के बाद सामान्य कामकाज फिर से शुरू कर दिया गया। अब साइबर क्राइम टीम उस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है, ताकि धमकी भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। हाल के दिनों में हैदराबाद में सरकारी संस्थानों और महत्वपूर्ण भवनों को फर्जी बम धमकी वाले ई-मेल मिलने की घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले तेलंगाना हाईकोर्ट को भी इसी तरह का ई-मेल मिला था, जो बाद में जांच में फर्जी साबित हुआ।












Click it and Unblock the Notifications