हैदराबाद: 700 करोड़ के साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार, सॉफ्टवेयर विशेषज्ञ से भी 82 लाख की ठगी
Hyderabad Police Busted 700 Crore Cyber Fraud Gang: हैदराबाद पुलिस को बहुत बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने चीनी हैंडलर्स से जुड़े एक बड़े धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बताया कि एक साल से भी कम समय में कम से कम 15 हजार भारतीयों को 700 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाया गया है।
हैदराबाद पुलिस ने कहा कि पैसा दुबई के रास्ते चीन भेजा गया था और इसमें से कुछ लेबनान स्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह द्वारा संचालित खाते में भी भेजा गया था। पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद ने बताया कि हम इस संबंध में केंद्रीय एजेंसियों को सतर्क कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय की साइबर अपराध इकाई को डिटेल दी गई है। इतना ही नहीं यह मामला काफी चौंकाने वाला है कि हाई सैलरी पाने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियरों को भी 82 लाख रुपये का चूना लग गया है।
सीवी आनंद ने कहा कि पुलिस को संदेह है कि पैसे का एक हिस्सा क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित किया गया था और हिजबुल्लाह द्वारा संचालित वॉलेट में जमा किया गया था। इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चार हैदराबाद से, तीन मुंबई से और दो अहमदाबाद से है। पुलिस छह लोगों को और तलाश कर रही है।
बता दें कि हैदराबाद पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने इस मामले में अप्रैल में जांच शुरू की थी। जब एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी को लेकर पुलिस में शिकायत की थी। इस व्यक्ति के साथ 28 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। लोगों को निवेश और नौकरी का लालच दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications