बीवी से पीड़ित पतियों ने वट पूर्णिमा पर की उल्टी पूजा, मांगी अजीबोगरीब मन्नत
औरंगाबाद। महाराष्ट्र के औरंगाबाद में वट सावित्री पूजा के अवसर पर एक तरफ बीवियां अपने पतियों का साथ सात जन्म निभाने के लिए बरगद को धागे बांधकर मन्नतें मांग रही थीं तो दूसरी तरफ बीवियों से पीड़ित पति पीपल की उल्टी पूजा कर दुआ मांग रहे थे कि जीवन में सात सेकेंड के लिए भी साथ न मिले तो अच्छा...।

'सात सेकेंड का भी साथ नहीं चाहिए'
औरंगाबाद के वलुज इलाके में पत्नी पीड़ित पुरुष संगठन है जिसका बकायदा आश्रम भी बना है। वट सावित्री पूजा के अवसर पर पत्नियां बरगद पेड़ में धागा बांधती हैं और पति की लंबी उम्र व सात जन्मों का साथ मांगती है। इस बार पतियों ने वट सावित्री पर पूजा की लेकिन ये बिल्कुल उल्टी थी। पीपल के चारों तरफ उल्टी दिशा में घूमते हुए धागा बांधने के बाद पतियों ने दुआ मांगी कि बीवियों का साथ सात जन्म तो क्या सात सेकेंड के लिए भी नहीं होना चाहिए।

'सात जन्मों तक ऐसी पत्नी मत देना'
पत्नियों से पीड़ित पतियों ने पूजा करते हुए कहा कि अगले सात जन्मों तक ऐसी पत्नी मत देना। संगठन के एक सदस्य तुषार वाखरे बोले कि पत्नियां कानून का गलत इस्तेमाल कर उत्पीड़न कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इतने पीड़ित हो चुके हैं कि सात सेकेंड भी साथ नहीं रहना चाहते।

पत्नी पीड़ित पुरुष संगठन
पत्नी पीड़ित पुरुष आश्रम की स्थापना भरत फुलारे ने की थी जिसके सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। भरत फुलारे खुद पत्नी पीड़ित हैं। उनके ऊपर बीवी ने 147 केस दर्ज करा रखे हैं। नवंबर 2016 में बने इस संगठन की सदस्यता की शर्त यह है कि पति पर पत्नी ने कम से कम 20 केस दर्ज कराए हों।












Click it and Unblock the Notifications