उमस और गर्मी बरकरार, पसीने से तरबतर यूपी-बिहार
पटना/लखनऊ। उत्तर भारत में बारिश के बाद उमस तेजी से बढ़ रही है, जिसके चलते यूपी और बिहार पसीने से तरबतर हो रहे हैं। पटना सहित बिहार के अधिकतर इलाकों में बुधवार सुबह तेज धूप निकली। राज्य में गर्मी और उमस का दौर जारी है। बारिश के लिए मशहूर भादों के महीने में भी भागलपुर का पारा 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। भागलपुर का मंगलवार को अधिकतम तापमान 36़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का 33़ 8 डिग्री, पटना का 35 डिग्री और पूर्णिया का 36 डिग्री सेल्सियस रहा।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार बुधवार को भागलपुर का न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का 24.1 डिग्री, पटना का 27.1 डिग्री और पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच पिछले 24 घंटे के दौरान गया में 14.20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण बिहार के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है, राज्य के बाकी हिस्सों में फिलहाल गर्मी और उमस का वातावरण बरकरार रहेगा।

उत्तर प्रदेश की राजधानी और सूबे के अलग-अलग हिस्सों में बुधवार सुबह तेज धूप निकली, जिससे राज्य में उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के न्यूनतम तापमान में भी बढ़त दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आने वाले समय में बारिश के आसार नहीं दिख रहे हैं। कुछ स्थानों पर हालांकि छिटपुट बारिश हो सकती है। बुधवार को राज्य के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राजधानी के अलावा वाराणसी का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 22़ 2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 21 डिग्री और गोरखपुर का 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications