HRD मंत्रालय ने लिया बड़ा फैसला, 12वीं बोर्ड में अब नहीं मिलेंगे मॉडरेट मार्क्स
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सभी राज्य बोर्ड और सीबीएसई को एडवाइजरी जारी करते हुआ निर्देश दिया है कि 12वीं की परीक्षा में अब मॉडरेट मार्क्स नहीं दिए जाएंगे।
नई दिल्ली। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सभी राज्य बोर्ड और सीबीएसई को एडवाइजरी जारी करते हुआ निर्देश दिया है कि 12वीं की परीक्षा में अब मॉडरेट मार्क्स नहीं दिए जाएंगे। 12वीं कक्षा में ग्रेड्स सुधारने के लिए छात्रों को एक्सट्रा नंबर दे दिए जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा। किसी भी छात्र को बढ़ाकर नंबर नहीं दिए जाएंगे।मानव संसाधन मंत्रालय ने पिछले साल ही सीबीएसई और सभी राज्यों के बोर्ड से इस मामले में बात की थी और सभी राजी भी थे। लेकिन जब तक नियम लागू किया जाता, तब तक अधिकतर राज्यों की परीक्षाएं हो चुकी थी। इसलिए मार्क्स मॉडरेशन की नीति को इस साल से चलन में लाया जाएगा। हालांकि छात्रों को मिलने वाले ग्रेस मार्क्स अभी भी दिए जाएंगे।

मानव संसाधन मंत्रालय के स्कूल शिक्षा सचिव अनिल स्वरूप ने कहा, 'नंबरों को बढ़ाकर नहीं दिए जाना चाहिए और शिक्षकों को इससे बचना चाहिए। हालांकि ग्रेस मार्क्स का चलन अभी भी जारी रहेगा ताकि फेल होने की दहलीज पर खड़े छात्र पास हो सकें।'
ग्रेस मार्क्स के लिए सभी बोर्ड को अपनी वेबसाइट पर जानकारी उपलब्ध करानी होगी। मार्कशीट में इसकी जानकारी दी जाएगी या नहीं, इसका निर्णय बोर्ड का होगा।
मॉडरेशन का सही से पालन हो रहा है या नहीं, इस पर निगरानी रखने के लिए एक समिति का भी गठन किया गया है। मंत्रालय ने इस फैसले को लागू करने के बाद और इस मामले में सभी राज्य बोर्ड और सीबीएसई से 31 अक्टूबर तक रिपोर्ट मांगी है।












Click it and Unblock the Notifications