30 लाख की ज्वैलरी, 4 करोड़ का घर...जानिए कितनी संपत्ति के मालिक हैं BJP सांसद रमेश बिधूड़ी?
Ramesh Bidhuri net worth: साउथ दिल्ली लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी अपनी अभद्र भाषा को लेकर विपक्ष के निशाने पर हैं। विपक्ष ने स्पीकर से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
रमेश बिधूड़ी ने गुरुवार को लोकसभा में चंद्रयान-3 के मुद्दे पर चर्चा के दौरान बीएसपी के सांसद दानिश अली के साथ गाली गलौज की थी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद से रमेश बिधूड़ी के बारे में लोग सर्च कर रहे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि रमेश बिधूड़ी कितनी संपत्ति के मालिक हैं।

साउथ दिल्ली सीट से लगातार दूसरी बार चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे रमेश बिधूड़ी इससे पहले तीन बार विधायक भी रह चुके हैं। चुनाव आयोग को 2019 में दिए अपने हलफनामे में रमेश बिधूड़ी ने उनके पास करीब 18 करोड़ रुपए की संपत्ति होने का खुलासा किया। अपने हलफनामे में रमेश बिधूड़ी ने बताया कि परिवार सहित उनके अलग-अलग 9 बैंक खातों में करीब 67 लाख रुपए की रकम जमा है और 2 लाख रुपए उनके पास कैश हैं।
इनके अलावा रमेश बिधूड़ी के पास तीन गाड़ियां- एक टोयोटा इनोवा और दो महिंद्रा स्कॉरपियो हैं, जिनकी कीमत उन्होंने करीब 54 लाख रुपए बताई है। हलफनामे के मुताबिक रमेश बिधूडी के पास करीब 8 लाख रुपए कीमत के सोने के गहने और उनकी पत्नी के पास 7 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने हैं। बिधूड़ी को मिलाकर उनके परिवार के पास करीब 30 लाख रुपए की ज्वैलरी है।
रमेश बिधूड़ी ने अपने और उनकी पत्नी के नाम पर 47 लाख रुपए की कृषि भूमि, 11 करोड़ 75 लाख रुपए की कमर्शियल बिल्डिंग और 4 करोड़ 15 लाख रुपए के एक घर की जानकारी दी है, जो दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में है।
2019 के लोकसभा चुनाव में बिधूड़ी ने किसे हराया?
आपको बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट पर रमेश बिधूड़ी ने आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा को 3,67,043 वोटों से हराया था। इस चुनाव में रमेश बिधूड़ी को 6,87,014 और राघव चड्ढा को 3,19,971 वोट मिले थे।
लोकसभा में रमेश बिधूड़ी और दानिश अली के बीच क्या हुआ?
गुरुवार को लोकसभा में जब चंद्रयान-3 के मुद्दे पर चर्चा चल रही थी, तो दानिश अली के टोकने पर रमेश बिधूड़ी भड़क गए। उन्होंने दानिश अली को उग्रवादी कहने के साथ-साथ भद्दी टिप्पणियां भी कीं। मामले पर स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें चेतावनी भी दी। हालांकि ये मामला यहीं नहीं थमा और दानिश अली ने चिट्ठी लिखकर स्पीकर से उनके ऊपर कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी रमेश बिधूड़ी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।












Click it and Unblock the Notifications