जानिए कैसे सरहद पार से आया आतंकी नावेद उर्फ कासिम
नई दिल्ली। मोहम्मद नावेद उर्फ कासिम खान को जब बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने धर दबोचा, तब उस आतंकी के चेहरे पर जरा भी शिकन नहीं थी। असल में लश्कर-ए-तैयबा कासिम की मौत चाहता था, लेकिन मौत की जगह उसे मिलीं सलाखें। इन सबके बीच एक सवाल उठा कि आखिर कैसे कासिम और उसके साथ सरहद पार से भारत आये?
एनआईए ने जब जांच शुरू की, तो एक-एक कर परतें खुलना शुरू हो गई हैं। सबसे पहली खोजबीन इस बात की की जा रही है कि नावेद के साथ कितने आतंकी भारत आये। एक, दो या आधा दर्जन? इसके लिये घाटी में गहन खोजबीन जारी है। साथ ही पहाड़ों के बीच जंगलों में भी सेना का कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।
भारत में कैसे घुसा कासिम?
कासिम ने बताया कि वह 2 महीने पहले ही भारत आ चुका था। उसके साथी नौगम और गुलमर्ग से सटी सीमा से उस वक्त दाखिल हुए, जब पेट्रोलिंग में ढील थी। भारत आते ही कुछ स्थानीय लोगों का सहयोग उन्हें मिला और वे तानमर्ग चले गये। नावेद ने बताया कि एक स्थानीय व्यक्ति ने उसे पैसा और भोजन दोनों मुहैया कराया।
पढ़ें- जानिए कैसे हुआ आतंकी कासिम का रिक्रूटमेंट
नावेद न बताया कि उसके साथ तीन और आतंकी आये थे। दो पुलवामा की ओर चले गये और दो उधमपुर। उसने यह भी बताया कि आलाकमान ने इन आतंकियों से हमले में जल्दबाजी करने से मना किया था।
कासिम ने बदल दिये बयान
जो हमने अभी आपको बताया है, यह तो कासिम के बयान का एक भाग है। असल में कासिम मिनट-मिनट पर बयान बदल रहा है। इस वजह से जांच अधिकारियों को यह समझने में खासी दिक्कत हो रही है, कि आखिर कासिम और उसके साथ कितने लोग थे और बाकी के कहां हैं?
कासिम के बदलते हुए बयान
- कासिम ने कहा कि वो दो महीने पहले नहीं 12 दिन पहले भारत आया और उधमपुर में आकर एक मकान में रहने लगा।
- बोला कि उसकी कोई विशेष योजना नहीं थी, जब मौका मिल जाये, घुस जाओ और चला दो गोलियां।
- फिर बोला उधमपुर में हमला करने के ठीक 7 दिन पहले वो और उसके साथ भारत में दाखिल हुए।
- फिर बोला हमारा मकसद सेना के काफिले पर हमला करने का था।
- बोला मेरे साथ जो बाकी के पांच लोग आये, उन्हें मेरे साथ ही ट्रेनिंग दी गई थी।
- फिर बोला मेरे साथ तीन लोग और आये थे। दो गुलमर्ग चले गये और हम दो उधमपुर।
- कासिम ने बताया कि उधमपुर में हमला कैसे करना है, यह उसे स्थानीय व्यक्ति ने बताया था।
- कासिम बोला, हमें हाईवे पर निकलने वाले पुलिस और सेना के जवानों पर हमला करने के लिये कहा गया था।













Click it and Unblock the Notifications