हमारे चंद्रयान-3 से कितना अलग है जापान का मून मिशन? पहुंचने में लगाएगा 6 महीने का वक्त
रूस और भारत के बाद अब जापान ने चंद्रमा पर अध्ययन के लिए अपना रॉकेट लॉन्च किया, जो चांद पर लैंड करेगा। इसके अलावा इसका एक हिस्सा चांद की कक्षा में चक्कर लगाते हुए वहां का अध्ययन करेगा।
जापान का रॉकेट अपने साथ स्मार्ट लैंडर फॉर इन्वेस्टिगेटिंग मून (SLIM) और एक्स-रे इमेजिंग एंड स्पेक्ट्रोस्कोपी मिशन (XRISM) लेकर गया है। इसमें लैंडर तो चांद की सतह पर उतरेगा, जबकि XRISM उसकी बनावट का अध्ययन करेगा। आइए जानते हैं कि ये हमारे चंद्रयान-3 से कितना अलग है।

पहुंचने के वक्त में काफी अंतर
हमारा चंद्रयान-3 लॉन्चिंग के 40 दिनों बाद चांद की सतह पर लैंड हुआ था, जबकि जापानी यान को 6 महीने का वक्त लगेगा। जापानी स्पेस सेंटर (JAXA) के मुताबिक यान को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि वो कम से कम ईंधन का इस्तेमाल करे। इस वजह से उसमें ज्यादा वक्त लग रहा।
लैंडर में है अंतर
जापान का SLIM एक हल्का लैंडर है, जिसका वजन 200 किलो के आसपास है, जबकि हमारे विक्रम लैंडर का वजन 1749 किलोग्राम था। जापानी स्पेस एजेंसी के मुताबिक उनका लैंडर रोबोटिक है, ऐसे में ये उसी जगह पर उतरेगा, जहां पर पहले से वैज्ञानिकों ने मार्क कर रखा है। इसका दायर 100 मीटर का होगा। वहीं विक्रम की लैंडिंग साइट 4 किमी X 2.5 किमी की थी।
जापान ने नहीं भेजा रोवर
चंद्रयान-3 के जरिए प्रज्ञान रोवर को भेजा गया है, लेकिन जापान ने अपने रोबोटिक लैंडर में कोई रोवर नहीं भेजा। वो बस सटीक लैंडिंग की उपलब्धि हासिल करना चाहता है।
भेजा है सैटेलाइट
जापान ने अपने रॉकेट के साथ XRISM सैटेलाइट भेजा है, ये चांद की कक्षा में घूमकर अध्ययन करेगा। वहीं इसरो ने चंद्रयान-3 में कोई आर्बिटर नहीं भेजा था। इसरो के मुताबिक चंद्रयान-2 की लैंडिंग फेल हुई थी, लेकिन उसका आर्बिटर चांद की कक्षा में अच्छे से काम कर रहा था। जिसने तीसरे मिशन में मदद की।
लागत में ज्यादा अंतर नहीं
इसरो के चंद्रयान-3 मिशन पर 700 करोड़ रुपये से कम खर्च हुए, जबकि जापान का ये मिशन 831 करोड़ का पड़ रहा। ऐसे में देखा जाए तो दोनों में ज्यादा अंतर नहीं है।
लैंडिंग साइट में बहुत बड़ा अंतर
जापान अपने लैंडर को चांद के नीयर साइड उतारेगा। ये वो जगह है जो हमारी पृथ्वी से दिखाई देती है। वहीं भारत ने अपने चंद्रयान-3 को चांद के दक्षिणी ध्रुव के करीब उतारा। इस जगह पर कोई देश नहीं पहुंच पाया था।












Click it and Unblock the Notifications