जानिए, भारतीय नौसेना की तैनाती देखकर कैसे सहम गया था पाकिस्तान?
नई दिल्ली- पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में घुसकर कार्रवाई की थी, तो पाकिस्तानी सेना से लेकर सरकार में हड़कंप मच गया था। लेकिन, इसी दौरान भारतीय नौसेना की ताकत देखकर पाकिस्तानी नौसेना की भी सिट्टी-पिट्टी गुम हो चुकी थी। भारतीय नौसेना के मुताबिक समंदर में भारत की ताकत देखकर पाकिस्तानी नौसेना इतनी डर गई थी कि उसने खुले समंदर में झांकने तक की हिम्मत नहीं दिखाई।
भारतीय नौसेना ने बताया है कि समुद्र से वार करने की उसकी ताकत ने पाकिस्तानी नौसेना को अपने तटीय इलाके से आगे बढ़ने का साहस ही नहीं होने दिया। भारतीय नौसेना समुद्र से सतह पर, समुद्र से समुद्र में और समुद्र से आसमान में, यानी तीनों क्षेत्रों में पाकिस्तान से बहुत ही ज्यादा ताकतवर है। यही कारण है कि पुलवामा हमले के बाद दोनों देशों के बीच जारी तनाव के दौरान पाकिस्तानी नौसेना पाकिस्तान के मकरान तट से आगे नहीं बढ़ सकी।
इस तनाव के दौरान भारतीय नौसेना ने एयरक्राफ्ट करियर आईएनएस विक्रमादित्य (INS Vikramaditya) और इसके जंगी जहाजों को लड़ाकू विमानों के साथ उत्तरी अरब सागर में तैनात किया था। पाकिस्तान के साथ तनाव के दौरान दूसरे जंगी जहाजों के साथ परमाणु पनडुब्बियों की भी तैनाती की गई थी, जिनमें स्वदेशी आईएनएस अरिहंत (INS Arihant) और आईएनएस चक्र (INS Chakra) जैसे परमाणु शक्ति संपन्न भारतीय पनडुब्बियां भी शामिल थीं।