ट्रैक्टर रैली हिंसा के दौरान घायल हुए दिल्ली पुलिसकर्मियों से अस्पताल में मिलने पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने किसान ट्रैक्टर रैली के दौरान भड़की हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य का हालचाल लेने के लिए दिल्ली के अस्पतालों का दौरा किया।
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान भड़की हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए गुरुवार को नई दिल्ली के अस्पतालों का दौरा किया। अमित शाह ने ट्वीट किया, "घायल दिल्ली पुलिस कर्मियों से मिलना। हमें उनके साहस और बहादुरी पर गर्व है।" यात्रा के दौरान, अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कर्मियों के साथ बातचीत की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य का जायजा लिया।
Recommended Video
केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला और दिल्ली के पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव भी इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह के साथ थे। मालूम हो कि किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई इस हिंसा में 400 से ज्यादा पुलिस के जवान घायल हुए थे। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने गुरुवार सुबह बताया कि कि गृह मंत्री शुश्रुत ट्रॉमा सेंटर और तीरथ राम हॉस्पिटल में घायल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य का जायजा लेने जाएंगे।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में हुई हिंसा के लिए गृहमंत्री अमित शाह जिम्मेदार, तुरंत होने चाहिए बर्खास्त: कांग्रेस
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने बुधवार को आरोप लगाया था कि ट्रैक्टर रैली के दौरान किसान नेताओं ने भड़काऊ भाषण दिये और वे इस हिंसा में भी शामिल थे, जिसके कारण उनके 394 जवान घायल हो गए। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
दिल्ली पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए कहा कि, "किसान यूनियनों ने 5,000 ट्रैक्टरों के साथ दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाली परेड के लिए निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया।" उन्होंने किसानों पर विश्वासघात करने का भी आरोप लगाया।
गौरतलब है राजधानी दिल्ली में कृषि कानूनों को लेकर दिल्ली के बॉर्डर पर पिछले 2 महीने से आंदोलनरत किसानों की गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर रैली प्रस्तावित थी। किसानों ने दिल्ली पुलिस के साथ समझौता किया था कि वह इस ट्रैक्टर रैली को शांति पूर्वक निकालेंगे और किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं फैलाएंगे, लेकिन किसानों ने ऐसा नहीं किया। ट्रैक्टर रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने तय रूट को बदला और दिल्ली के कई इलाकों में तोड़फोड़ की। उन्होंने बैरिकेड्स भी तोड़ दिए और सुरक्षाकर्मियों के साथ भी हिंसक झड़पें की, जिसमें कई पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें भी आईं।