पटना में 'हॉकी मेंस जूनियर वर्ल्ड कप 2025' ट्रॉफी का भव्य स्वागत, राज्यपाल ने किया अनावरण
हॉकी मेन्स जूनियर वर्ल्ड कप 2025 की ट्रॉफी पटना पहुंची, जिसका भव्य स्वागत किया गया। इस यात्रा का उद्देश्य टूर्नामेंट से पहले पूरे भारत में हॉकी के प्रति उत्साह जगाना है।
'हॉकी मेंस जूनियर वर्ल्ड कप 2025' की ट्रॉफी यात्रा आज पटना पहुंची, जहां राजभवन में इसका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया। बिहार के राज्यपाल महामहिम आरिफ मोहम्मद खान ने दरबार हॉल में दीप प्रज्वलित कर ट्रॉफी का विधिवत अनावरण किया।

इस अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव आर. एल. चोंगथू, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक महेन्द्र कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। राज्यपाल को स्मृति चिह्न भेंट कर डॉ. राजेंदर ने सम्मानित किया।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री शंकरण ने जानकारी दी कि यह ट्रॉफी यात्रा 7 नवंबर को नई दिल्ली से शुरू हुई थी और यह देश के 20 प्रमुख शहरों से होकर गुजर रही है। इसका उद्देश्य देशभर में हॉकी के प्रति उत्साह जगाना और इस वैश्विक आयोजन को जन-जन तक पहुंचाना है। यह यात्रा 20 नवंबर को केरल में समाप्त होगी।
श्री शंकरण ने कहा, "यह क्षण सम्पूर्ण बिहार, विशेषकर पटना के लिए अत्यंत गर्व का है। पटना का इस यात्रा में शामिल होना राज्य की उभरती खेल संस्कृति और युवाओं की ऊर्जा का प्रतीक है।" उन्होंने बताया कि हॉकी मेंस जूनियर वर्ल्ड कप 2025 का 14वां संस्करण 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै में आयोजित होगा, जिसमें विश्व की 24 श्रेष्ठ टीमें भाग लेंगी।
पाटलिपुत्र खेल परिसर में उमड़ा जनसैलाब
राजभवन से ट्रॉफी शहर के विभिन्न हिस्सों से होती हुई पाटलिपुत्र खेल परिसर पहुंची, जहां इसे देखने के लिए खिलाड़ियों और आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्टेडियम में ट्रॉफी प्रदर्शनी के साथ 'पासिंग द बॉल' कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें श्री शंकरण ने युवा खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल पदाधिकारियों के साथ हॉकी बॉल पास कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
भारत की गौरवशाली उपलब्धियां
उल्लेखनीय है कि भारत ने इससे पहले 2001 और 2016 में हॉकी मेंस जूनियर वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतकर विश्व मंच पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। इस बार भी देश को अपने युवा खिलाड़ियों से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications