पॉजिटिव हो या निगेटिव लेकिन 2014 में छाये रहे ये राजनेता
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) चालू साल यानी 2014 राजनीति के खिलाड़ियों के लिए खास रहा। इस साल लोकसभा चुनाव हुए। कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में बन गई भाजपा सरकार के नेतृत्व में एनडीए सरकार। बेशक, इस साल कई नेता सुर्खियों में रहे,खास रहे और छाए रहे।
1. मोदी ही मोदी
इस लिहाज से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम खासतौर पर लिया जा सकता है। उनके कुशल और प्रभावी नेतृत्व में भाजपा को लोकसभा चुनावों में साफ बहुमत मिला। पूरे देश ने उनमें विकास पुरुष को देखा। उनके सामने दूसरा कोई नेता खड़ा नहीं हो सका। उन्हीं की कैंपेन की बदौलत भाजपा को बाद में महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों में भी जीत मिली।
2. भाजपा के सेनापति अमित शाह
2014 में भाजपा को विभिन्न चुनावों में मिली शानदार सफलता के लिए आपको अमित शाह को क्रेडिट देना होगा। वे भाजपा के शिखर रणनीतिकार बन कर उभरे। उन्होंने भाजपा को उत्तर प्रदेश में 70 में से 73 सीटें जितवाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई को जिंदा किया। वे गांव-गांव घूमे। उन्हें मालूम था कि बिना उत्तर प्रदेश को जीते लोकसभा चुनाव में बड़ी सफलता पाना संभव नहीं होगा। माना जा सकता है कि शाह के नेतृत्व में भाजपा लगातार सफलता की मंजिलों को तय करती रहेगी।