बंगाल BJP MLA हिरन चटर्जी ने बिना तलाक की दूसरी शादी, बेटी से कुछ साल बड़ी है दूसरी बीवी, कौन हैं नई पत्नी?
Hiran Chatterjee Marriage: पश्चिम बंगाल की राजनीति में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक ऐसा निजी विवाद सामने आया है, जिसने सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी है। खड़गपुर से बीजेपी विधायक और बंगाली सिनेमा के जाने-माने अभिनेता हिरन चटर्जी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी राजनीति नहीं बल्कि निजी जिंदगी है।
हिरन चटर्जी ने मॉडल रितिका गिरी से दूसरी शादी कर ली है। इस शादी के बाद उनकी पहली पत्नी अनिंदिता चटर्जी खुलकर सामने आ गई हैं और गंभीर आरोप लगाए हैं। हिरन चटर्जी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी शादी की कुछ तस्वीरें पोस्ट की थीं। तस्वीरों में वह मॉडल रितिका गिरी के साथ वाराणसी में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी करते नजर आए।

रितिका लाल बनारसी साड़ी में थीं और हिरन पीले कुर्ते में दिखाई दिए। हालांकि, कुछ ही समय बाद ये तस्वीरें सोशल मीडिया से डिलीट कर दी गईं, लेकिन तब तक मामला तूल पकड़ चुका था।
पहली पत्नी का आरोप- बिना तलाक दूसरी शादी
हिरन चटर्जी की पहली पत्नी अनिंदिता चटर्जी ने इस शादी को अवैध बताया है। उन्होंने साफ कहा कि न तो उनका तलाक हुआ है और न ही कोई कानूनी अलगाव। अनिंदिता के मुताबिक उनकी शादी 11 दिसंबर 2000 को हुई थी और इस रिश्ते से उनकी 19 साल की बेटी है। उनका आरोप है कि विधायक बनने के बाद हिरन का रिश्ता मॉडल रितिका गिरी से शुरू हुआ, लेकिन वह लंबे समय तक इस सच्चाई को छिपाते रहे।
अनिंदिता चटर्जी बोलीं,
''मेरी और हिरन चटर्जी की शादी 11 दिसंबर 2000 को हुई थी। हमारी एक 19 साल की बेटी भी है। मैं लंबे समय से अत्याचार झेल रही हूं। मैं अपनी बेटी और परिवार की वजह से ही बस चुप हूं। ये दूसरी शादी पूरी तरह अवैध है। हम न तो अलग हुए हैं और न ही हमारा तलाक हुआ है।''
बेटी से सिर्फ दो साल बड़ी दूसरी पत्नी रितिका गिरी
अनिंदिता ने जो बात सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बताई, वह यह है कि रितिका गिरी उनकी बेटी से सिर्फ दो साल बड़ी हैं। उन्होंने कहा कि एक मां के तौर पर इस रिश्ते को स्वीकार करना उनके लिए नामुमकिन है। अनिंदिता का दावा है कि इस पूरे विवाद का सबसे ज्यादा असर उनकी बेटी पर पड़ा है, जो मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है और डॉक्टरों के इलाज में है।
कौन हैं नई पत्नी रितिका गिरी (who is Ritika Giri)
रितिका गिरी एक मॉडल हैं। रितिका गिरी ने अपने इंस्टाग्राम बॉयो में लिखा है कि वो बियॉन्डयू मिस इंडिया 2022 में पार्टिसिपेट कर चुकी हैं। रितिका मिस.ईस्ट इंडिया 2019 जीत चुकी हैं। रितिका योग में नेशनल गोल्डमेडलिस्ट भी हैं।

राजनीति के बीच निजी रिश्तों में दरार
अनिंदिता ने बताया कि 2021 में हिरन चटर्जी के विधायक बनने के बाद उनके वैवाहिक जीवन में समस्याएं शुरू हुईं। उन्होंने कहा कि हिरन कभी-कभी घर आते थे, बेटी से मिलते थे और अलग-अलग कहानियां सुनाते थे। कभी कहते थे कि रितिका उन्हें ब्लैकमेल कर रही है, कभी भावनात्मक दबाव की बात करते थे। बेटी की खातिर उन्होंने कई बार समझौता किया, लेकिन हालात सुधरने की बजाय बिगड़ते चले गए।

रितिका गिरी ने भी रखा अपना पक्ष
इस विवाद में मॉडल रितिका गिरी भी सामने आई हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए मीडिया से इंटरव्यू न लेने की अपील की और अपनी तबीयत का हवाला दिया। रितिका ने दावा किया कि वह और हिरन पिछले पांच सालों से साथ थे और अनिंदिता को उनके रिश्ते की जानकारी थी। उन्होंने यह भी कहा कि अनिंदिता को कानूनी तलाक का नोटिस भेजा जा चुका है और अगर किसी को शादी की वैधता पर सवाल है तो वह कानूनी रास्ता अपनाए।
एफआईआर दर्ज, मामला पहुंचा पुलिस तक
मामला यहीं नहीं रुका। आनंदपुर पुलिस स्टेशन में हिरन चटर्जी और रितिका गिरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप है कि हिरन ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी की और वर्षों तक मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी। एफआईआर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है।
बीजेपी और हिरन की चुप्पी
इस पूरे विवाद पर न तो हिरन चटर्जी की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है और न ही पश्चिम बंगाल बीजेपी ने कोई प्रतिक्रिया दी है। विधानसभा चुनाव से पहले अपने विधायक पर लगे गंभीर आरोपों ने पार्टी को भी असहज स्थिति में ला दिया है।
कौन हैं हिरन चटर्जी? (Who is Hiran Chatterjee)
हिरन चटर्जी का पूरा नाम हिरनमोय चट्टोपाध्याय है। उनका जन्म 19 दिसंबर 1977 को हुआ था। वे एक भारतीय अभिनेता और राजनेता हैं। हिरन चटर्जी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता हैं।
🔹 राजनीतिक करियर (Hiran Chatterjee Political Career)
वर्ष 2021 से खड़गपुर सदर सीट से पश्चिम बंगाल विधानसभा के विधायक (MLA) हैं।
2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के प्रदीप सरकार को 3,771 वोटों से हराया।
इसके बाद 2022 के नगर निकाय चुनाव में वे खड़गपुर नगरपालिका के वार्ड 33 से पार्षद भी चुने गए।
🔹 शुरुआती जीवन और नौकरी (Hiran Chatterjee Early Life)
हिरन चटर्जी का बचपन हावड़ा जिले के उलूबेरिया में बीता। राजनीति और अभिनय में आने से पहले उन्होंने मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज में सीनियर मैनेजर के तौर पर काम किया।
🔹 सामाजिक काम (Hiran Chatterjee NGO Work)
वे कोलकाता स्थित NGO 'Voice of World' से जुड़े हुए हैं। यह संस्था दृष्टिहीन, दिव्यांग और अनाथ बच्चों की मदद करती है।
कानून, राजनीति और परिवार के बीच फंसा मामला
एक ओर हिरन चटर्जी की दूसरी शादी को लेकर कानूनी सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एक मां अपनी बेटी की मानसिक हालत को लेकर चिंता जता रही है। अनिंदिता ने साफ कहा है कि अब उनकी प्राथमिकता सिर्फ उनकी बेटी की शांति और सेहत है। सवाल यह है कि हिरन चटर्जी कब इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ेंगे और क्या यह निजी विवाद उनके राजनीतिक भविष्य को भी प्रभावित करेगा।
यह मामला अब सिर्फ एक पारिवारिक झगड़ा नहीं रह गया है, बल्कि कानून, राजनीति और नैतिकता से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन चुका है, जिस पर पूरे बंगाल की नजर टिकी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications