सांसद प्रज्ञा ठाकुर का विवादित बयान, कहा- 'परिवार नियोजन के कारण हिंदू घट गए'
भोपाल। एक बार फिर से बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर (Pragya Thakur)ने कुछ ऐसा कहा है, जिस पर विवाद होना तय है, सोमवार को विजयदशमी के कार्यक्रम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने जमकर पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधा और कहा कि फैमिली प्लानिंग की वजह से देश में हिंदुओं की संख्या घट रही है, परिवार नियोजन के कारण हिंदुओं की तादात में कमी आई है, जो कि शुभ संकेत नहीं है।
यही नहीं पूर्व सीएम कमलनाथ की ओर से भाजपा नेता इमरती देवी को 'आइटम' कहे जाने पर प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि मुझे उनकी बुद्धि पर तरस आता है, यदि भारतवासी हो तो नारी का सम्मान करना सीखो, नहीं तो रावण के पुतलों की तरह हश्र होगा, उन्हें अपने ऊपर बड़ा घमंड होगा लेकिन वो भूल गए कि घमंड तो लंकापति को भी था लेकिन उसका क्या हुआ ये सबको पता है। जिन्होंने एक महिला के लिए 'आइटम' शब्द कहा है, उनकी ऐसी ही संस्कृति होगी, वो अपनी मां-बहन के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग करते होंगे।
इसके बाद प्रज्ञा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने लोकसभा चुनाव में उन्हें समझा दिया अधर्म करने वालों के साथ बुरा ही होता है, भगवा को आतंक कहने वाले लोगों का यहां से सफाया हो गया, यहां पर धर्म प्रेमी बंधु ही रह सकते हैं और जो धर्म का सम्मान करता है, वो ही राज कर सकता है, अधर्म करने वालों का कुछ हो नहीं सकता है सिवाय विनाश के।
इसके बाद प्रज्ञा ठाकुर ने अपने संबोधन में महबूबा मुफ्ती पर भी वार किया, उन्होंने कहा कि कश्मीर को तहस-नहस करने के बाद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आते ही 500 वर्षों का कलंक मिटा दिया, उन्होंने भव्य राम मंदिर की शिला रखी, गृह मंत्री अमित शाह बने और धारा 370 हट गई, इसके साथ ही देश से पीड़ा हट गई लेकिन महबूबा बोलती हैं हम तिरंगा नहीं उठाएंगे, लेकिन हम कहते हैं कि देश भक्त आ गए हैं, अब उन्हें देश में रहना होगा तो 'वंदेमातरम' कहना होगा।