Haryana News:हिंद दी चादर’ मैराथन को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दिखाई हरी झंडी, 61 हजार युवाओं ने लिया हिस्सा.
करनाल में हिंदू चादर मैराथन गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत वर्षगांठ मनाती है, जो हजारों युवाओं को भागीदारी के माध्यम से उनकी विरासत का सम्मान करने के लिए प्रेरित करती है।
केंद्रीय आवासन, ऊर्जा एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत से हमें समाज, धर्म और देश के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

रविवार को करनाल के एनडीआरआई चौक पर केंद्रीय मंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित *‘हिंद की चादर’ मैराथन* को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल दौड़ नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वालों के प्रति श्रद्धांजलि और समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन करने के लिए आज हजारों नौजवान देशभर में निकली यात्राओं में शामिल हो रहे हैं। करनाल में आयोजित इस मैराथन में सैकड़ों युवाओं ने 21 और 10 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया, जबकि लगभग 61 हजार युवक-युवतियों ने 5 किलोमीटर लंबी दौड़ में भाग लिया।
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि दिल्ली के चांदनी चौक स्थित गुरुद्वारा शीश गंज में गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान हुआ था। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती भी इस बलिदान की गवाही देती है — सोनीपत जिले के बड़खालसा गांव के एक नौजवान ने गुरु जी का शीश मुगल सेना से बचाने के लिए अपना सिर अर्पित कर दिया था। मैराथन का शुभारंभ करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा की। इस अवसर पर *‘हिंद की चादर, तेग बहादुर’* गीत भी लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में कीर्तन और शब्द गायन हुआ, जबकि युवाओं ने ‘बोले सो निहाल’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारों से वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।
सुबह 5 बजे से ही हजारों युवा एनडीआरआई चौक पर मैराथन में भाग लेने पहुंचे। इस अवसर पर युवाओं ने गटके का शानदार प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री को कृपाण और गुरु तेग बहादुर जी का चित्र भेंट किया गया। इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद, रामकुमार कश्यप, योगेंद्र राणा, भगवानदास कबीरपंथी, उपायुक्त उत्तम सिंह, एसपी गंगा राम पूनिया, मेयर रेणु बाला गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications