Himachal Pradesh Panchayat Election: पंचायत चुनाव के पहले चरण में 80 फीसदी मतदान, नतीजों का भी ऐलान
Himachal Pradesh Panchayat Election: हिमाचल पंचायत चुनाव के पहले चरण में 80 फीसदी मतदान, नतीजों को भी ऐलान
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में रविवार (17 जनवरी) को पंचायती राज संस्थाओं के पहले चरण को लिए वोट डाले गए। पहले चरण के चुनाव में रविवार को करीब 80 फीसदी मतदान हुआ है। चुनाव आयोग के मुताबिक प्रदेश में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए वोट डाले जाने के बाद गिनती शुरू हो गई और देर रात तक नतीजे घोषित कर दिए गए। पहले चरण में प्रदेश की कुल 1227 पंचायतों के प्रतिनिधि चुने गए हैं। वार्ड मेंबर, उपप्रधान और प्रधान का परिणाम मतदान के बाद ही घोषित कर दिया गया। जबकि बीडीसी और जिला परिषद का परिणाम 22 जनवरी को घोषित होगा।

रविवार को हुए पहले चरण में कुल्लू जिले में सबसे ज्यादा 84.30 फीसदी वोट पड़े। कुल्लू की शांघड़ पंचायत में सबसे ज्यादा 94 फीसदी मतदान हुआ। वहीं लाहौल स्पीति में सबसे कम 62 फीसदी वोट पड़े। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी रविवार को मंडी की मुरहाग पंचायत में अपना वोट डाला। कई और मशहूर हस्तियों ने भी मतदान किया।
हिमाचल प्रदेश में तीन चरणों में पंचायत चुनाव हो रहे हैं। पहला चरण रविवार को पूरा हुआ। वहीं दूसरे चरण में मंगलवार (19 जनवरी) और आखिरी चरण में 21जनवरी को वोट डाले जाएंगे। प्रदेश में दूसरे चरण में 1208 पंचायतों में मतदान होगा। तीसरे चरण में 1137 पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। हिमाचल प्रदेश की कुल 3583 पंचायतों के लिए इन तीन चरणों में मतदान होना है। राज्य के कुल 51.50 लाख वोटर पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए 81,675 प्रतिनिधि चुनेंगे। बता दें कि पंचायत चुनाव पार्टियों के निशान पर नहीं हो रहे हैं। कई बड़े नेता और उनके परिवार के लोग चुनाव में उतरे हैं लेकिन सभी निर्दलीय प्रत्याशी की हैसियत से ही लड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications