हिमाचल प्रदेश: गहरी खाई में गिरी कार, 3 की मौत, 3 जख्मी
शिमला। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के टोनी देवी में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने इस हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि कार ज्वालामुखी से लौट रही थी, जिस दौरान यह झोखर गांव के निकट टोनी देवी में हादसे का शिकार हो गई।
मृतकों की पहचान आशा देवी (55), कुमारी (23) और भूमि चंद (20) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि तेज बारिश के चलते बचाव कार्य में देरी हुई। घायल जोगेंद्र सिंह पुत्र शक्ति चंद गांव सुंगाणी, पिंकी देवी पत्नी जोगेंद्र सिंह गांव सुंगाणी व अंशिका देवी पुत्री गुरदीप सिंह गांव करसोह को सिविल अस्पताल टौणी देवी में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस ने बताया कि ज्वालामुखी में समारोह में भाग लेने के बाद घर लौटते समय टौणीदेवी के पास ऊहल मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम होमगार्डो के साथ घटनास्थल पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण मृतकों व घायलों को मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग दिया। एसडीएम हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल, तहसीलदार जोगेंद्र पटियाल पटवारी व कानूनगो के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार व घायलों को पांच-पांच हजार रुपये फौरी राहत दी।