Hijab Ban: सिद्दारमैया डर रहे हैं, कर्नाटक में प्रतिबंध नहीं हटने पर ओवैसी ने क्यों लगाया ये आरोप?
कर्नाटक में हिजाब पर से प्रतिबंध नहीं हटाने पर हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने राज्य की कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार को इसके लिए आदेश पारित करने में सिर्फ 30 मिनट लगेंगे।
बता दें कि हाल ही में राज्य के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने पहले कह दिया था कि उनकी सरकार हिजाब से प्रतिबंध वापस ले रही है और फिर बाद में वह अपने बयान से पलट गए थे। इसी के बाद एआईएमआईएम के चीफ ने राज्य की कांग्रेस सरकार को निशाने पर लिया है।

उन्हें सिर्फ एक आदेश जारी करना है- ओवैसी
ओवैसी ने कहा है, 'वे (कांग्रेस) पिछले सात महीनों से (कर्नाटक में) काम कर रहे हैं...उन्हें सिर्फ एक आदेश जारी करना है कि लोग जो चाहें वे पहन सकते हैं, यह बताते हुए कि कोई भी ड्रेस कोड नहीं होगा...'
कर्नाटक के सीएम डर रहे हैं- हैदराबाद के सांसद
उन्होंने आगे कहा, 'कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ऐसा आदेश जारी करने से डर रहे हैं...हम कर्नाटक की कांग्रेस सरकार से हिजाब पर से प्रतिबंध हटाने की मांग करते हैं।'
कर्नाटक के मुसलमान निराश हो रहे हैं- असदुद्दीन ओवैसी
एआईएमआईएम चीफ ने कहा कि 'वे पीछे क्यों हट रहे हैं? एक जनसभा को संबोधित करने के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया कहते हैं कि आप चाहे जो पहन सकते हैं और फिर एक घंटे के भीतर ही कह देते हैं कि हमने अभी फैसला नहीं लिया है.....यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्टनाक के मुसलमान निराश हो रहे हैं।'
वादा नहीं निभाना कांग्रेस के डीएनए में है- बीआरएस
उधर, तेलंगाना में मुख्य विपक्षी दल बीआरएस ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने की कोशिश की है। पार्टी नेता के कविता ने कहा है, 'कर्नाटक में उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों से हिजाब पर से प्रतिबंध हटाने का वादा किया था, लेकिन अब इसको लेकर असमंजस में दिख रहे हैं। वे जो वादा करते हैं, उसे नहीं निभाते हैं। यह उनके डीएनए में है।'
पहले मुख्यमंत्री ने हिजाब से बैन हटाने की घोषणा की थी
दरअसल, बीते शुक्रवार को कर्नाटक के सीएम ने राज्य के एक मुस्लिम बहुल इलाके में ऐलान कर दिया था कि उनकी सरकार बीजेपी की ओर से लागू किए गए हिजाब पर से प्रतिबंध को हटा लेगी। उन्होंने कहा था कि लोगों के कपड़ों और खाने को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
एक दिन बाद ही अपनी बात से पलट गए थे कांग्रेसी सीएम
लेकिन, शनिवार को वह अपने बयान से पीछे हट गए थे और कह दिया कि इसपर चर्चा चल रही है। सीएम ने कहा, 'हम हिजाब बैन के फैसले को वापस लेने पर विचार कर रहे हैं। हम इसपर चर्चा करेंगे। मैंने एक सवाल के जवाब में ऐसा कहा था। हमने ऐसा अभी किया नहीं है।'
सिद्दारमैया के समर्थन में उतरने थे प्रियांक खड़गे
हालांकि, सिद्दारमैया सरकार में मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे तुरंत ही सीएम के समर्थन में कूद पड़े थे। उन्होंने कहा, 'कर्नाटक सरकार जो कुछ भी कर रही है वह कानून और संविधान की रूपरेखा के मुताबिक है। कर्नाटक के विकास के लिए हानिकारक किसी भी नीति की समीक्षा होगी और आवश्यकता पड़ने पर हटाई जाएगी।'
वहीं विपक्षी भाजपा का आरोप है कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है और राज्य सरकार सिर्फ विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे मामले उठा रही है, क्योंकि पिछले 6 महीने से विकास के काम ठप पड़े हैं। (इनपुट-एजेंसियां)












Click it and Unblock the Notifications