आज विकास की इबारत लिख रहा जम्मू-कश्मीर, पीएम मोदी के नेतृत्व में बिछ रहा सड़कों-टनल का जाल
कभी उग्रवाद की चपेट में रहने वाला जम्मू-कश्मीर आज विकास की इबारत लिख रहा है। कर्फ्यू झेलने वाले यहां के लोग आज सुख और शांति से जीवन बसर कर रहे हैं। 2014 के बाद जम्मू-कश्मीर की आबोहवा पूरी तरह से बदल चुकी है। अब पत्थर नहीं यहां पर्यटन की बात होती है और ये सब संभव हो पाया है केंद्र की मोदी सरकार की बदौलत।
केंद्र की सभी योजनाओं का लाभ अब सीधा जम्मू-कश्मीर के लोगों को मिल रहा है। कभी देश से कटा हुआ प्रदेश अब पूरे भारत से जुड़ चुका है। स्वास्थ्य योजनाएं हो या फिर डलवपमेंट आज जम्मू-कश्मीर विकास के पथ पर कदम से कदम मिलाकर चल रहा है।

बीते वर्षों में केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर के विकास पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। विकास का एक अहम पैमाना है, इंफ्रास्ट्रक्चर। जम्मू कश्मीर के सभी क्षेत्रों की आर्थिक और समाजिक प्रगति के लिए और इस क्षेत्र में आवाजाही में होने वाली मुश्किलों को दूर करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से यहां करीब एक लाख करोड़ से ज़्यादा के कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है।
इन परियोजनाओं पर हो रहे काम
जिसमें दिल्ली-अमृतसर कटरा एक्सप्रेसवे, जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे, जम्मू-पुंछ हाईवे, चेनानी नाशरी टनल, जोजिला टनल और बनीहाल काजीगुंड टनल और बशोली अटल सेतु शामिल है।
बनिहाल-काजीगुंड टनल का काम पूरा
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के दिशा-निर्देशों से इन परियोजनाओं को पूरा करने का काम ज़ोरों पर है। इनमें 3100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनी बनिहाल-काजीगुंड टनल का काम पूरा हो चुका है। इसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं।
24 घंटे यातायात, खुला रहेगा ट्रैफिक
8.45 किलोमीटर लंबी इस टनल से बनिहाल और काजीगुंड के बीच की दूरी 16 किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे यात्रियों का करीब डेढ़ घंटे का समय बचेगा। ये टनल ऑल वेदर कनेक्टिविटी सुनिश्चित कर लैंड स्लाइड की समस्या से निजात दिलाएगी, ऐसे में अब 24 घंटे यातायात खुला रहेगा।
श्रीनगर-कारगिल-लेह नेशनल हाईवे
बनिहाल-काजीगुंड टनल के अलावा श्रीनगर-कारगिल-लेह नेशनल हाईवे पर 11,578 फीट की ऊंचाई पर जोजिला टनल का निर्माण कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। 14.15 किलोमीटर लंबी ये टनल भारत की सबसे लंबी रोड टनल और एशिया की सबसे बड़ी बायडायरेक्शनल टनल होगी। ये श्रीनगर-कारगिल-लेह नेशनल हाईवे के लिए बाइपास का काम करेगी। इस टनल के उपयोग में आ जाने से जोजिला पास को पार करने में लगने वाला समय 3 घंटे से घटकर 15 मिनट रह जाएगा।
इसी के साथ केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर का नया रूप देखने को मिला है। इस परियोजना के तहत श्रीनगर में स्थित ऐतिहासिक हब्बा कदल पुल का पुनरुत्थान कर उसे नया रूप दिया गया। कश्मीरी पंडितों के लिए खासा माने जाने वाले हब्बा कदल पुल के नए डिजाइन और नए लुक को देखकर स्थानीय लोग भी बेहद खुश हैं।
केंद्र की मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ स्थित किड़िया-गंडयाल के लोगों के जीवन में एक नए युग की शुरुआत की। मोदी सरकार ने किड़िया-गंडयाल गांव के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है और 70 साल बाद उन्हें पुल की सौगात दी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 2019 में किड़िया गंडयाल पुल लोगों को समर्पित किया।
इन एक्सप्रेसवे का तेज़ी से हो रहा काम
मोदी सरकार में जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने के लिए एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। करीब 670 किलोमीटर लंबे दिल्ली अमृतसर कटरा एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली से अमृतसर 4 घंटे में और दिल्ली से कटरा महज 6 घंटे में पहुंचा जा सकेगा। ये एक्सप्रेस-वे वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी वरदान साबित होगा। इससे न केवल दिल्ली-अमृतसर-कटरा जाने वालों को फायदा होगा बल्कि रास्ते में पड़ने वाले और इलाकों के लोगों को भी फायदा होगा।
दूसरी ओर जम्मू-पूंछ हाईवे को फोरलेन करने का काम भी जोरों पर है। इस हाईवे पर चौकी चौरा के सुंगल इलाके में करीब 2.79 किलोमीटर लंबी टनल का निर्माण भी तेज़ी से चल रहा है। इस टनल के तैयार होने पर इस सड़क में पड़ने वाले कई तीखे मोड़ खत्म हो जाएंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
धारा 370 हटाने के बाद बदली सूरत
जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद इसकी सूरत बदलने लगी है। नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से जम्मू में शुरू की गई विकास परियोजनाओं से एक ओर जहां स्थानीय लोगों के लिए यातायात आसान हो जाएगा। वहीं दूसरी ओर उन्हें फल, सब्जी सहित अपने कई उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। कनेक्टिविटी अच्छी होगी और पर्यटन को भी अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा। रोज़गार के नए अवसर बनेंगे और जम्मू कश्मीर नई तेजी और खुशहाली से प्रगति की ओर अग्रसर होगा। अमृतकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का विराट संकल्प लिया है तो आधुनिक कनेक्टिविटी के साथ जम्मू-कश्मीर उस संकल्प में योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications