Highlights: लाल किले से PM मोदी ने देशवासियों से क्या-क्या कहा
नई दिल्ली| आज देश अपना 68वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। शुक्रवार की सुबह लाल किले पर देश के 15वें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली बार ऱाष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। मई में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने पहली बार लाल किले पर झंडा फहराया है।
मोदी ने की आदर्श गांव पहल की घोषणा
केसरिया पगड़ी पहने पीएम मोदी ने लाल किले से देश की जनता को संबोधित करते हुए कभी बेहद भावुक दिखे तो कभी उन्होंने अपने बुलंद इरादों की तस्वीर भी लोगों के सामने पेश की।
इस बार का मोदी का भाषण अपने आप में काफी ऐतिहासिक रहा।जहां पीएम नरेंद्र मोदी ने पहली बार बिना बुलेट प्रूफ बॉक्स के भाषण दिया वहीं मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री बन गए जिन्होने लिखित भाषण नहीं दिया है।
इस अवसर पर लाल किले में बनाए गए दर्शक दीर्घा में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेता, विशेष अतिथि और गणमान्य हस्तियां मौजूद थीं जिसमें महामहिम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी समेत भाजपा सरकार के सभी गणमान्य लोग मौजूद थे।
मोदी ने अपने भाषण में बहुत कुछ कहा आईये डालते हैं एक नजर मोदी के भाषण के मु्ख्य बिंदुओ पर...

योजना आयोग की जगह लेगी नई संस्था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि 64 साल पुराने योजना आयोग ने अपनी उपयोगिता खो दी है, इसलिए इसके स्थान पर जल्द नए संस्थान का गठन किया जाएगा। देश के 68वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "बहुत जल्द हम एक नए संस्थान का गठन करेंगे, जो योजना आयोग की जगह काम करेगा।"

आदर्श गांव विकसित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक नई पहल की घोषणा की कि जिसके तहत प्रत्येक सांसद अपने गांव में एक आदर्श गांव विकसित करेंगे।

संसद हमारी सोच का परिचायक है
मोदी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री के रूप में नहीं प्रधानसेवक के रूप में आपके बीच हूं। यह भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद सम्मान की बात है कि एक गरीब परिवार, एक साधारण परिवार का बेटा लाल किले से देश को संबोधित कर रहा है। मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि संसद हमारी सोच का परिचायक है। हम बहुमत के आधार पर आगे बढ़ना नहीं चाहते। हम सहमति के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।

कन्या भ्रूण हत्या एक जटिल विषय
देश दखद हालातों से गुजर रहा है। आज देश में कन्याओं की संख्या लड़कों से कम हो रही है जो कि एक दुखद बात है इसलिए मैं कहता हूं कि चंद पैसों के लिए डाक्टर आप लोग अपना ईमान ना बेचें।

एकता पर बल
पीएम मोदी ने लोगों से 'जातिवाद' और 'सांप्रदायिकता' के जहर को छोड़ने और एकता को गले लगाने की अपील की। लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह शर्म की बात है कि आजादी के इतने साल बीत जाने के बाद भी जातिवादी और सांप्रदायिक राजनीति जारी है।

क्या हम गरीबी नहीं मिटा सकते?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दक्षिण एशियाई सहयोग संगठन (सार्क) के देशों से एकजुट होकर क्षेत्र में गरीबी से लड़ने का आह्वान किया। मोदी ने लाल किले से देश को संबोधित करते हुए कहा, "क्या हम गरीबी नहीं मिटा सकते? क्या हम गरीबी के खिलाफ युद्ध नहीं छेड़ सकते? हम सार्क देश गरीबी के खिलाफ लड़ने का फैसला क्यों नहीं करते?"

शौचालय बनाने से शुरू होगा 'स्वच्छ भारत अभियान'
देश के 68वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले के प्राचीर से अपने भाषण में मोदी ने कहा, "एक साल के भीतर प्रत्येक विद्यालय में बालिकाओं के लिए अलग शौचालय का निर्माण हो जाना चाहिए, ताकि उन्हें विद्यालय न छोड़ना पड़े।"
उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि के रूप में दो अक्टूबर से 'स्वच्छ भारत अभियान' शुरु करने की घोषणा की।
उन्होंने यह भी कहा कि शौचालय बनावाना देश के लिए मुश्किल नहीं होना चाहिए, ताकि बूढ़ी महिलाओं और लड़कियों को शौचालय के लिए अंधेरा होने का इंतजार ना करना पड़े।

दुष्कर्म होने पर केवल बेटी से सवाल क्यों?
मोदी ने कहा कि जब देश में दुष्कर्म की घटनाएं होती हैं, तो हमारा माथा शर्म से झुक जाता है। इस देश में मां-बाप बेटियों से सैकड़ों सवाल पूछते हैं, परंतु क्या बेटों से भी सवाल पूछे जाते हैं? दुष्कर्म करने वाला भी तो किसी का बेटा ही होता है।

नक्सलवाद पर चिंता जताई
नक्सलवाद पर चिंता जताते हुए मोदी ने कहा कि खून बहाने से धरती लाल होती है, परंतु कंधे पर हल रखा हो तो हरियाली आती है। इसलिए देश के किसान का भला करना जरूरी है।

"प्रधानमंत्री जन धन योजना''
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 68वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को 'अत्यधिक गरीब' लोगों के लिए बैंक खाता खोलने और उनके लिए 1,00,000 रुपये के बीमा योजना की घोषणा करते हुए मोदी ने कहा, "प्रधानमंत्री जन धन योजना' के माध्यम से हम गरीब से गरीब लोगों के लिए बैंक खाता खुलवाना चाहते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications