नवी मुंबई में पुल के खंभे पर लिखे मिले ISIS के तारीफ वाले संदेश, 'धोनी जन्नत में आउट' का भी जिक्र
मुंबई। नवी मुंबई के उरान क्षेत्र में एक पुल के खंभे पर आतंकी संगठन ISIS के समर्थन में लिखे संदेश पाए जाने के बाद हाई लेवल अलर्ट जारी किया गया है। इसमें अबू बकर अल बगदादी और 26/11 के मुंबई हमले के मास्टर माइंड हाफिज सईद का नाम भी लिखा है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। महाराष्ट्र ATS इस सिलसिले में जहां सतर्क हुई है वहीं, नवी मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच भी जांच में जुट गई है। इलाके के आसपास समुद्री इलाकों में समंदर में गश्त बढ़ा दी गई है। वहीं उरण इलाके में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया। इस इलाके में ओएनजीसी, नौसेना का शस्त्रागार, जेएनपीटी समेत कई संवेदनशील कार्यालय हैं। माना जा रहा है कि इसीलिए पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है।

अनदेखी नहीं किया जा सकता संकेत
ये संदेश नवी मुंबई के उरान क्षेत्र में खोप्टेब्रिज पर पाए गए हैं, ये इलाका रायगढ़ जिले के तहत आता है। पुलिस आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाल रही है। नवी मुंबई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "एक अलग टीम और नवी मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही हैं। ब्रिज के पास कई अहम संस्थान है इसलिए ऐसे संदेश की अनदेखी नहीं की जा सकती।"

खास स्थान को लक्ष्य दिखाकर रॉकेट की तस्वीर
ब्रिज के खंभे पर लिखे गए संदेश में ISIS के आतंकियों की तारीफ की गई है। संदेश में हाफिज सईद का भी नाम है और ISIS के लिए लड़ने वाले अबु बकर और अल बगदादी की भी प्रशंसा की गई है। साथ ही एक विशिष्ट स्थान को लक्ष्य दिखाकर एक राकेट की तस्वीर भी संदेश के साथ है।

ब्रिज के पास मिली शराब की बोतलें
एक अन्य स्तंभ पर एक प्रकार का रेखाचित्र पाया गया, जिसमें ‘बंदरगाह', ‘हवाईअड्डा',‘पाइपलाइन' और ‘ट्रेन' आदि शब्द लिखे हुए हैं। इसके अलावा इसमें 'धोनी जन्नत में आउट', 'आम आदमी पार्टी', 'केजरीवाल', हाफिज सऊद, 'रहिम कटोरी', 'राम कटोरी' भी लिखा गया है। पुलिस के मुताबिक, पुल के पास शराब की कुछ बोतलें मिली हैं और इस बात की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है कि शराब के नशे में कुछ लोगों ने यह संदेश लिखा होगा ।











Click it and Unblock the Notifications