कोरोना के खिलाफ जंग में हीरो ने उतारी स्ट्रेचर वाली बाइक, एंबुलेस के तौर पर होगी इस्तेमाल
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी होरो मोटोकॉर्प ने कोविड 19 के खिलाफ जंग में फर्स्ट रिस्पांडर मोबाइल एबुंलेंस को उतारा है। कंपनी ने राजस्थान के अलवर जिले के नीमराणा और मुंडावर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को दो कस्टम-निर्मित हीरो एक्सट्रीम- 200R फर्स्ट-रिस्पांडर बाइक सौंपी है, जो कोविड-19 महामारी के खिलाफ फ्रंटलाइन मेडिकल वर्कर्स की लड़ाई में मदद करेंगे।

दूर-दराज के इलाकों में अहम भूमिका निभाएगी बाइक
फर्स्ट-रिस्पांडर बाइक कोविड-19 के खिलाफ प्रयासों की दिशा में कंपनी के कॉरपोरेट सोशल रेस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) पहल का हिस्सा है। इस बाइक को कंपनी ने ऐसे डिजाइन किया गया है जिससे कि इनकी मदद से चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके। दूर-दराज और ग्रामीण इलाकों में लोगों को मदद पहुंचाने के उद्देश्य से दो बाइक को सेवा में लगाया जाएगा। रोगियों को इस बाइक की मदद से नजदीकी चिकित्सा सुविधा केंद्रों तक भी पहुंचाया जा सकता है।

इन सुविधाओं से होगी लैस
हीरो द्वारा डिजाइन किए गए फर्स्ट-रिस्पांडर वाहनों को एक पूर्ण स्ट्रेचर के साथ सुसज्जित किया गया है, इसके किनारे पर फोल्डेबल हुड लगाया गया है। इसके साथ ही इसमें जरूरी चिकित्सा उपकरण जैसे कि डिटेचेबल फर्स्ट-एड किट, ऑक्सीजन सिलेंडर, फायर एक्सटिंग्यूशर मौजूद है। इसके अलावा इस बाइक में एलईडी फ्लैशर लाइट, फोल्डेबल बीकन लाइट, आपातकालीन वायरलेस सार्वजनिक घोषणा प्रणाली और सायरन जैसे सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं।

इस बाइक का मोबाइल एंबुलेंस में किया गया इस्तेमाल
वहीं कंपनी ने फर्स्ट-रिस्पांडर वाहन में हीरो एक्सट्रीम 200R (Hero Xtreme 200R) बाइक का इस्तेमाल किया है। बाइक में 199.6 सीसी का एयरकूल्ड, 4-स्ट्रोक, 2-वाल्व सिंगल-सिलिंडर OHC इंजन दिया गया है। बाइक 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आती है। बाइक्स को जयपुर में हीरो सेंटर ऑफ इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी (सीआईटी) और गुरुग्राम में हीरो मोटोकॉर्प के प्लांट में न्यू मॉडल सेंटर (एनएमसी) के इंजीनियरों द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया है।

राजस्थान को कंपनी ने सौंपी दो बाइकें
हीरो एक्सट्रीम- 200R की लंबाई 2062 मिलीमीटर, चौड़ाई 778 मिलीमीटर और ऊंचाई 1106 मिलीमीटर है। इसका ग्राउंड क्लियरेंस 165 मिलीमीटर और व्हीलबेस 1337 मिलीमीटर है। वहीं, इसकी सीट की ऊंचाई 795 मिलीमीटर है। बाइक के फ्रंट में 37 मिलीमीटर का टेलिस्कोपिक सस्पेंशन के साथ एंटीफ्रिक्शन बुश दिया गया है। कंपनी ने जानकारी दी है कि इन बाइक्स की और यूनिट्स को तैयार किया जाएगा और देश के विभिन्न हिस्सों में स्वास्थ्य अधिकारियों को सौंपा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications