उत्तराखंड: धामी सरकार के विरासत अभियान से हजारों लोगों को राहत, 4,943 संपत्ति मामलों का निस्तारण
उत्तराखंड में, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विरासत अभियान ने राजस्व सेवाओं को सुव्यवस्थित किया है, जो 10,404 दायर मामलों में से 4,943 संपत्ति विरासत मामलों का समाधान कर रहा है। धारा 34 के तहत, 9,244 दाखिलों से 3,835 मामलों का निपटारा किया गया; धारा 33A के तहत 1,160 में से 1,108 का समाधान किया गया। कार्यक्रम का लक्ष्य समय पर, पारदर्शी सार्वजनिक सेवाएं और कार्यालयों में नागरिकों के दौरे को कम करना है।
देहरादून, 29 अक्टूबर 2026: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए गए विरासत अभियान से प्रदेश के हजारों लोगों को राहत मिली है। अभियान के तहत निर्विवाद संपत्ति हस्तांतरण से जुड़े कुल 10,404 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 4,943 का निस्तारण किया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना तथा नागरिकों को संपत्ति के विरासत संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी से राहत दिलाना है।

17 अक्टूबर 2026 को आयोजित म्यूटेशन डे के दौरान उपलब्ध विवरण के अनुसार, धारा-34 के तहत कुल 9,244 प्रकरण दर्ज किए गए थे। इनमें से 3,835 मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं, धारा-33ए के तहत दर्ज 1,160 प्रकरणों में से 1,108 का निस्तारण हो चुका है। दोनों धाराओं को मिलाकर कुल 4,943 प्रकरणों का समाधान किया गया है।
सरकारी सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विरासत अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री के अनुसार, संपत्ति से जुड़े निर्विवाद मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी होने से नागरिकों को परेशानी होती है। ऐसे मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के तहत प्राप्त मामलों की नियमित समीक्षा करने और शेष प्रकरणों का नियमानुसार जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से बचाना और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाना है। राज्य सरकार की इस पहल से राजस्व सेवाओं को बेहतर बनाने, आमजन की समस्याओं का समाधान करने और प्रशासन के प्रति नागरिकों का विश्वास मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications
