झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन, राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने दिलाई शपथ
Recommended Video
नई दिल्ली- झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। उन्हें झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रांची के मोरहाबादी मैदान में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन को 47 सीटें मिली हैं और सोरेन सरकार में तीनों पार्टियां शामिल हैं। हेमंत सोरेन दूसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने हैं,इससे पहले हेमंत ने जुलाई 2013 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जेएमएम-राजद-कांग्रेस के साथ मिलकर उन्होंने एक साल पांच महीने पंद्रह दिनों तक सरकार चलाई थी।
हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस विधायक दल नेता आलमगीर आलम,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव और आरजेडी के एकमात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। झारखंड के चुनाव में हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा को सबसे अधिक 30 सीटें मिली हैं। जबकि, सहयोगी कांग्रेस के 16 और आरजेडी के एक विधायक ने जीत दर्ज की है।
पहले दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा सहयोगी दलों के तीन विधायकों को ही शपथ दिलाई गई है। माना जा रहा है कि आगे मंत्रिमंडल विस्तार में कांग्रेस और जेएमएम के कई और विधायकों को मंत्री पद मिल सकता है।
44 साल के हेमंत सोरेन को 24 दिसंबर को गठबंधन की ओर से विधायक दल का नेता चुना गया था। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद हेमंत सोरेन ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
रविवार को हुए हेमंत सोरेन के शपथ समारोह के दौरान मंच पर विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने शिरकत की। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, पूर्व राज्यसभा सांसद शरद यादव, राज्यसभा सांसद और आप नेता संजय सिंह, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सुबोध कांत सहाय, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत समेत बाकी कई बड़े नेता मौजूद रहे। इस समारोह में डीएमके नेता एमके स्टालिन, जेएमएम नेता और हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले और प्रदेश के पूर्व सीएम रघुबर दास भी मंच पर मौजूद थे।