धर्मेंद्र की पूर्व पत्नी और बच्चों को लेकर पहली बार बोलीं हेमा मालिनी
मुंबई। हेमा मालिनी बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने आज तक अपने निजी जीवन के बारे में बहुत कम बात की है। लेकिन इस बार उन्होंने इस बारे में बात की है। अभिनेत्री से नेता बनीं हेमा मालिनी ने एक साक्षात्कार में अपनी भविष्य की योजनाओं और धर्मेंद्र के साथ अपनी शादी को लेकर काफी कुछ कहा है।

71 वर्षीय अभिनेत्री और उत्तर प्रदेश के मथुरा से मौजूदा सांसद हेमा ने एक समाचार वेबसाइट को दिए साक्षात्कार में कहा है कि सांसद के तौर पर यह उनका आखिरी कार्यकाल होगा। इस दौरान उन्होंने अपने पति धर्मेंद्र की पहली पत्नी और बच्चों को लेकर भी अपनी बात कही।

धर्मेंद्र की पहली पत्नी और बच्चों के लिए क्या कहा?
हेमा ने कहा, 'जब मैंने धर्म जी को देखा, तो मैं समझ गई कि यही वो शख्स हैं जो मेरे लिए बने हैं। मैं उनके साथ अपनी जिंदगी बिताना चाहती थी। मैं ये भी सुनिश्चित करना चाहती थी कि इस शादी से किसी को दुख ना पहुंचे। उनकी पहली पत्नी और बच्चों ने अपने जीवन में कभी मेरे दखल को महसूस नहीं किया। मैंने उनसे शादी की लेकिन मैंने कभी उनको उनके पहले परिवार से दूर नहीं किया।'

राजनीति पर क्या बोलीं?
राजनीति छोड़ने पर हेमा मालिनी ने कहा कि इसमें इतना हैरान होने की क्या बात है। मैं अब बूढ़ी हो रही हूं और कमजोर भी। उन्होंने कहा कि उन्हें मथुरा वासियों से किए वादों को पूरा करने के लिए एक और सत्र चाहिए था, यही कारण है कि उन्होंने इस साल लोकसभा का चुनाव लड़ा था। लेकिन सांसद के तौर पर ये उनका आखिरी कार्यकाल है।

खूबसूरत रहने का रहस्य बताया
अपनी खूबसूरती को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में हेमा ने कहा, 'क्या ब्यूटी, क्या सीक्रेट? मैंने कभी खुद को खूबसूरत नहीं सोचा है। वो तो दूसरे लोग हैं जो कहते हैं कि मैं खूबसूरत हूं। तब मैं सोचती हूं कि क्या सच में मैं खूबसूरत हूं? मेरा मानना है कि खूबसूरत रहने का रहस्य है कि इसके बारे में कुछ भी ना सोचना।'

धर्मेंद्र की सेहत पर क्या कहा?
धर्मेंद्र की सेहत को लेकर उन्होंने कहा, 'हां उन्हें डेंगू हो गया था लेकिन वो अब ठीक हैं। हां, वो कमजोर हो गए हैं। धर्मेंद्र कहते हैं कि उनके पैरों में बहुत दर्द रहता है। मुझे ऐसा लगता है कि हम बूढ़े होते जा रहे हैं। फिर भी हमारा एक दूसरे पर भरोसा पहले की तरह ही बना हुआ है।'












Click it and Unblock the Notifications