मुंबई में भारी बारिश से मचा कोहराम, ठाणे में एक लड़की की मौत
मुंबई: मानसून ने महाराष्ट्र में अपनी दस्तक दे दी है। मुंबई के कई इलाकों में बारिश के चलते पानी भर चुका है। जगह-जगह ट्रैफिक जाम से भी लोगों को जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी जारी किये जाने के बाद बीएमसी ने अपने कर्मचारियों की शनिवार और रविवार की छुट्टियां रद्द कर दी थी। भारी बारिश के कारण मुंबई की जान लोकल ट्रेन की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। जगह-जगह पानी भर चुका है।

इस भारी बारिश के कारण ठाणे में एक लड़की की मौत हो जाने की खबर आ रही है। कल्याण में रेलवे लाइन पर दीवार गिर गई है। कोंकण सहित दक्षिण महाराष्ट्र, विदर्भ व मराठवाडा के इलाकों में जमकर बारिश हुई है। दक्षिण मुंबई सहित उपनगरों में बारिश की वजह से मुंबईकरों को सतर्क रहने की अपील की गई है। जबकि मुंबई में गुरुवार से हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
खराब मौसम की वजह से दो फ्लाइट्स की उड़ान रद्द हो चुकी है। जबकि कई विमान तय समय से देरी से उड़ान भर रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि मुंबई में 2005 जैसे हालात हो सकते हैं। अगले दो दिनों तक मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश की उम्मीद जताई गई है। सभी एजेंसियों और मछुआरों को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सेंट्रल लाइन पर ट्रेनें देर से चल रही हैं। दादर, हिंदमाता, परेल और सायन में जलभराव से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications