Live: दिल्ली में यमुना खतरे के निशान पर, लोहे के पुल पर ट्रैफिक रोका गया
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन पूरी तरह से चौपट कर दिया है। कई प्रदेशों में बाढ़ जैसे हालात हैं, जिसमे दर्जनों लोगों की जान चली गई है और कई लोग लापता हैं। उत्तर भारत के कई हिस्से भी भारी बारिश की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में भारी बारिश के चलते रविवार को कुल 28 लोगों की जान चली गई और 22 लोग लापता हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है, यहां यमुना और अन्य नदियों का पानी खतरे के निशान पर पहुंच चुका है। दक्षिण भारत की बात करें तो केरल में अबतक 121 लोगों की मौत हो चुकी है। कर्नाटक में भी लोग बाढ़ से लड़ रहे हैं, यहां 76 लोगों की अबतक जान जा चुकी है, 10 लोग अभी भी लापता हैं। हिमाचल प्रदेश में कुल 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमे दो नेपाल के नागरिक भी शामिल हैं। कुल्लू में 25 यात्री फंस गए थे, जिसमे एक विदेशी नागरिक भी था, ये लोग दो दिन तक यहां फंसे रहे, जिसके बाद रविवार को इन लोगों को किसी तरह से बचाया गया। लैंडस्लाइड की वजह से सैकड़ों स्थानीय और विदेशी पर्यटक यहां फंसे थे, जिन्हें रविवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।