कर्नाटक सीएम के भाई ने कांग्रेस के दिवंगत नेता की पत्नी पर की अभद्र टिप्पणी
नई दिल्ली: कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री एचडी रेवन्ना ने कांग्रेस के पूर्व दिग्गज नेता और सांसद अंबरीश की पत्नी सुमालथा पर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने सुमालथा की राजनीति में एंट्री पर सवाल उठाया है। नई दिल्ली में एचडी रेवन्ना ने रिपोर्टरों से बातचीत करते हुए कहा कि अभी एक महीना भी नहीं हुआ है, जब उनके पति की मौत हुई है। दुखी होने की बजाय वो अपनी राजनीतिक महात्वाकांक्षा दिखा रही है और कह रही हैं कि वो चुनाव लड़ना चाहती है। देखिए वो किस स्तर तक नीचे गिर गई हैं। गौरतलब है कि एचडी रेवन्ना कर्नाटक के सीएम एचडी कुमार स्वामी के भाई और पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा के बेटे हैं।

सुमालथा लड़ेगी लोकसभा चुनाव
सुमालथा आगामी लोकसभा चुनाव में कर्नाटक की मांड्या लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ने की तैयारी कर रही है। इससे पहले उन्होंने कांग्रेस से कहा था कि उन्हें कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन में मांड्या से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया जाए। उनकी इस मांग से कांग्रेस ने किनारा कर लिया। क्योंकि कांग्रेस-जेडीएस का लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन होने की स्थिति में जेडीएस वहां से उम्मीदवार उतारेगी और कांग्रेस को ये सीट नहीं मिलेगी।

रेवन्ना ने कहा हमारे पास कोई विकल्प नहीं
रेवन्ना ने आगे कहा कि मांड्या लोकसभा सीट जेडीएस के उम्मीदवार के लिए थी। ऐसे मे हमारे पास सुमालथा के खिलाफ लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। लेकिन कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के बेटे निखिल गौड़ा मांड्या सीट से चुनाव लड़ने के लिए चुने गए। लेकिन सुमालथा ने कहा कि वो किसी और सीट पर नहीं जाएंगी। हम मांड्या से अपने एक कार्यकर्ता को मैदान में उतारने की योजना बना रहे थे, लेकिन उसने कहा कि वह मांड्या से ही चुनाव लड़ेगी। इसलिए, हमने अपनी योजना में बदलाव किया और निखिल को लाने का फैसला किया।

'कुमारस्वामी सुमालथा के मांड्या से लड़ने के खिलाफ'
जेडीएस ने सुमालथा को मैसूर-कोडगु लोकसभा सीट से लड़ने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन सुमालथा ने ये प्रस्ताव ठुकरा कर मांड्या से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ने का फैसला लिया। सूत्रों के मुताबिक कुमारस्वामी नहीं चाहते थे कि सुमालथा मांड्या लोकसभा सीट से चुनाव लड़े क्योंकि वो उनके बेटे को हरा सकते हैं। वहीं रेवन्ना के बयान से हुए नुकसान को नियत्रिंत करने के लिए कुमारस्वामी ने कहा कि ऐसे टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। सीएम कुमारस्वामी ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि किसी दूसरे व्यक्ति के बारे में ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। कृपया मांड्या से संबंधित सभी मुद्दों को मेरे लिए छोड़ दें। रेवन्ना पर ध्यान न दें। वहीं रेवन्ना ने इस बयान पर माफी मांगने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वो वहीं ड्रामा राजनीति में कर रही हैं, जो उन्होंने फिल्मों में किया। मुझे क्यों माफी मांगनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications