हाथरस मामले में पीड़िता के चरित्र का हनन करने की कोशिश हो रही: प्रियंका गांधी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती के साथ गैंगरेप के बाद उसकी मौत हो गई। लेकिन युवती के शव का आधी रात को पुलिस ने अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस की इस हरकत के बाद योगी सरकार और जिला प्रशासन लगातार विपक्ष के निशाने पर है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार इस घटना के बाद योगी सरकार पर हमलावर हैं। एक ट्वीट के जरिए प्रियंका ने पीड़िता की मौत के बाद उसके लिए न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय की दरकार है, अपमान की नहीं।
Recommended Video
प्रियंका ने ट्वीट करके लिखा इस तरह की भूमिका तैयार की जा रही है ताकि महिला के चरित्र पर सवाल खड़ा किया जा सके, उसके साथ जो भी हुआ उसके लिए महिला को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की जा रही है, यह बेहद गलत है। हाथरस में एक जघन्य अपराध हुआ है, जिसके चलते 20 साल की दलित युवती की मौत हो गई। युवती के शव को बिना घर वालों की सहमति और उनकी उपस्थिति के जला दिया गया। महिला को न्याय मिलना चाहिए, अपमान नहीं। बता दें कि प्रियंका गांधी ने हाल ही में पीड़िता के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की थी और उन्हें सांत्वना दी थी।
इससे पहले एक ट्वीट करके प्रियंका ने योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए कहा था, यूपी के सीएम साहब ने संवाद से समस्याओं को हल करने की बात कही, तो क्या वो पीड़ित परिवार की बात सुनेंगे? हाथरस डीएम पर कार्रवाई कब? न्यायिक जांच के आदेश कब? न्याय की पहली सीढ़ी है पीड़ित लड़की की बात सुनना। वास्तविकता ये है कि बीजेपी आज भी लड़की के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा हाथरस के पीड़ित परिवार के अनुसार सबसे बुरा बर्ताव डीएम का था। उन्हें कौन बचा रहा है? उन्हें अविलंब बर्खास्त कर पूरे मामले में उनके रोल की जाँच हो। परिवार न्यायिक जांच मांग रहा है तब क्यों सीबीआई जांच का हल्ला करके SIT की जांच जारी है।