Hathras Case: PFI का नाम आने पर बोले ओवैसी- रात में अंतिम संस्कार हुआ, क्या वो भी अंतरराष्ट्रीय साजिश है?
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक बड़ी साजिश को लेकर खुलासा हुआ है। राज्य सरकार ने दावा किया था कि हाथरस मामले की आड़ में दंगे कराने की साजिश रची गई थी। जिसके बाद मामले की जांच शुरु की गई और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का नाम सामने आया। इससे जुड़े चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। अब इसपर एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा है कि सरकार साजिश की आड़ में अपनी नाकामियों को छिपा रही है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ओवैसी ने इस मामले में यूपी सरकार पर जमकर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि वेबसाइट अजीबोगरीब है, उसी की बुनियाद पर साजिश कर रहे हैं। जहां भी सरकार से कोई गड़बड़ी होती है, उसे साजिश बना दिया जाता है। अब ये कहानी पुरानी हो गई है। इसमें कुछ सच नहीं है। उस बच्ची के साथ बलात्कार हुआ है। उसका आपने सही इलाज तक नहीं करवाया। इसके साथ ही ओवैसी ने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछते हुए कहा कि क्यों दलित परिवार को अपनी बेटी के अंतिम संस्कार की इजाजत नहीं दी गई।
ओवैसी ने कहा कि रात में अंतिम संस्कार कराया गया। क्या अब ये भी कोई अंतरराष्ट्रीय साजिश है। कब तक अपनी नाकामियों को आप इस तरह की बातों से छिपाओगे। बिहार चुनाव में हर मसले की गूंज होगी। आपको बता दें पुलिस ने पीएफआई के जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया है, उनके पास से विवादित साहित्य भी मिला है।
इन लोगों की गिरफ्तारी मथुरा से की गई है। वहीं पुलिस ने यूपी में शांति भंग करने की साजिश मामले में संगठन का नाम आने के बाद उसके मुखपत्र के संपादक को भी गिरफ्तार कर लिया है। ये वही व्यक्ति है, जो शाहीन बाग के पीएफआई कार्यालय का सचिव था। अब पुलिस इस संपादक को रिमांड पर लेने का प्रयास कर रही है। ताकि इससे मामले में पूछताछ कर ज्यादा जानकारी जुटाई जा सके, जिससे जांच आगे बढ़ सके।
हाथरस: ED ने बताया, विदेश से 100 करोड़ की फंडिंग में PFI के साथ भीम आर्मी का कोई लिंक नहीं