ढ़ोगी बाबा रामपाल को धरती निगल गई या आसमान खा गया...
हिसार। हाईकोर्ट की फटकार के बाद भी समर्थकों को ढाल बना रहा बाबा रामपाल पुलिस-प्रशासन के हत्थे नहीं चढ़ सका। इतना ही नहीं आश्रम के समर्थक लगातार बाबा को गुप्त स्थान पर ले जाने की बात कह कर गिरफ्तारी को पहुंचे पुलिसकर्मियों को बहला रहे हैं। दूसरी तरफ रामपाल की गिरफ्तारी के लिए प्रतिदिन हरियाणा सरकार का लाखों रुपए खर्च हो रहा है। बता दें कि रामपाल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद 10 नवंबर को हिसार में पैरा मिलिट्री फोर्स और हरियाणा पुलिस की कंपनियां आनी शुरू हो गई थीं। इसके बाद फोर्स की संख्या लगातार बढ़ती गई। पिछले चार दिनों से फोर्स हिसार पुलिस लाइन्स और बरवाला में डटी हुई है। मामले को लेकर कोर्ट के तेवर तल्ख हो गए हैं.

फोर्स की संख्या लगातार बढ़ने के साथ ही हरियाणा सरकार का प्रतिदिन का खर्चा भी बढ़ता जा रहा है। कोर्ट ने अब 21 नवंबर को बाबा को पेश करने के लिए कहा है। पुलिस-प्रशासन ने बाबा रामपाल को 'डराने' के लिए अब तक करीब 40 करोड़ रुपए खर्च किए हैं, लेकिन बाबा के समर्थक पुलिस को चेतावनी दे रहे हैं कि अगर टकराने की कोशिश की तो वे भी लाशों का ढेर बिछा देंगे। सोमवार को समर्थकों की धमकी के आगे पुलिस को झुकना पड़ा और कदम पीछे खींचने पड़े।
संत रामपाल के कारण हरियाणा सरकार पर दोहरी आफत है। सप्ताह भर में लगभग 40 करोड़ रुपए का नुकसान तो प्रदेश शासन को हो चुका है। जिला प्रशासन के एक शीर्ष अधिकारी के अनुमान के मुताबिक, जवानों के प्रतिदिन के मूवमेंट पर करीब 6 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं।
इनमें जवानों के खर्चे से लेकर वाहनों और अन्य विभागों की गतिविधियां भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications