Haryana News: कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर आज होगा प्रधानमंत्री मोदी का आगमन
हरियाणा सरकार गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस को चिह्नित करने के लिए ज्योतिसर में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम की मेजबानी कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाभारत अनुभव केंद्र का उद्घाटन करेंगे और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में भाग लेंगे।
हरियाणा सरकार द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस पर आज ज्योतिसर (कुरुक्षेत्र) में राज्यस्तरीय समागम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र पहुंचकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सहित अन्य मंत्रीगण और गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र का लोकार्पण करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान पवित्र ब्रह्मसरोवर पर महाआरती में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को समागम स्थल का दौरा किया। उन्होंने मंच, संगत स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और आगंतुकों की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए।
गुरु तेग बहादुर जी का अनुपम त्याग
धर्म की रक्षा के लिए श्री गुरु तेग बहादुर जी ने औरंगज़ेब के अत्याचारों के विरुद्ध अपना शीश न्यौछावर किया। उनके श्रद्धालुओं भाई दयाला जी, भाई सती दास जी और भाई मती दास जी ने भी अद्वितीय बलिदान दिए। कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर आठ गुरु साहिबानों ने अपने चरण रखे हैं और प्रदेशभर में लगभग 28 ऐतिहासिक गुरुद्वारे उनकी स्मृतियों को संजोए हुए हैं।
ज्योतिसर अनुभव केंद्र का लोकार्पण
प्रधानमंत्री मोदी ज्योतिसर में स्थापित अनुभव केंद्र का उद्घाटन करेंगे। यह केंद्र महाभारत की कथा, दर्शन और इतिहास को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से जीवंत करता है। लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य शंख ‘पांचजन्य’ का भी लोकार्पण होगा।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव
कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में प्रधानमंत्री पवित्र ब्रह्मसरोवर पर महाआरती में शामिल होंगे। दीपों की लौ, वेद मंत्रों की गूंज और आस्था की उमंग के बीच होने वाली यह महाआरती भारत की आध्यात्मिक विरासत और कुरुक्षेत्र की वैश्विक पहचान को और अधिक गौरवान्वित करेगी।












Click it and Unblock the Notifications