Haryana News: सरकार हर विषय और हर बिंदु पर चर्चा के लिए तैयार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि सरकार विधानसभा में हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने संवैधानिक प्रतिबद्धता की आवश्यकता पर जोर दिया, विपक्ष की रणनीति की आलोचना की, और शासन और खेल बुनियादी ढांचे पर सरकार के रिकॉर्ड पर प्रकाश डाला।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार हर विषय और हर बिंदु पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रत्येक मुद्दे का बिंदुवार जवाब दिया जाएगा और इसके लिए संवैधानिक प्रतिबद्धता बनाए रखना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा विधानसभा में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष हाउस का समय बढ़ाने की मांग कर रहा है, लेकिन इस संबंध में कमेटी की बैठक में निर्णय लिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मानसून सत्र के बाद दूसरा सत्र छह माह के भीतर होना अनिवार्य होता है। इसके बावजूद सरकार ने 26 फरवरी से पहले ही शीतकालीन सत्र बुलाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सत्र की अवधि बढ़ाने के इतिहास को देखा जाए तो पिछली सरकारों के दौरान कम सत्र बुलाए गए थे। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय यह स्थिति रही, जिसे वर्ष 2014 में तत्कालीन सरकार ने बदलने का कार्य किया। वर्ष 2014 में चार दिन का सत्र आयोजित किया गया था, जबकि वर्ष 2024 में सरकार ने पांच दिन का सत्र बुलाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र कार्यसूची के अनुसार चलता है और पिछला सत्र काफी बेहतर रहा। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वह सार्थक चर्चा करे और जनहित से जुड़े मुद्दे सदन में लाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार कोई सकारात्मक बात रखती है तो विपक्ष वॉकआउट कर देता है, जबकि उन्हें चर्चा को सुनना और उसमें भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस में निराशा का माहौल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले सत्र में विपक्ष ने एक दिन का समय व्यर्थ किया, जिससे विधायकों के प्रश्न भी पूरे नहीं हो पाए। इसलिए विपक्ष को चाहिए कि वह जनता के हित में मुद्दों पर चर्चा करे। अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि "उम्र भर भूल यही करता रहा, धूल चेहरे पर जमी थी, आईना साफ करता रहा।"
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस झूठ का सहारा लेकर मनगढ़ंत मुद्दे खड़े कर रही है और भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने यह भ्रम फैलाया था कि यदि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो संविधान खतरे में पड़ जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जब तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, तब तक बाबा साहेब के पवित्र संविधान को कोई खतरा नहीं हो सकता।
पंजाब में खिलाड़ियों पर हो रहे हमलों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है और पुलिस मुस्तैदी से कार्य कर रही है। अपराध करने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में जांच में समय लग सकता है, लेकिन ऐसा कोई मामला नहीं है जिसमें हरियाणा पुलिस ने अपना कर्तव्य ठीक से न निभाया हो।
मुख्यमंत्री ने पंजाब की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वहां महिलाओं, युवाओं और खिलाड़ियों की स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में खेल नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2014 से पहले और वर्तमान समय में प्रदेश द्वारा जीते गए पदकों की संख्या इसकी स्पष्ट मिसाल है। सरकार ने खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया है।_____












Click it and Unblock the Notifications