हरियाणा चुनाव: कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सोनिया गांधी पर ये क्या बोल गए सीएम खट्टर?
नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 21 अक्टूबर को होने वाली वोटिंग से पहले सभी राजनीतिक दल प्रचार में दमखम से जुटे हैं। वहीं, चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा विरोधी दलों के नेताओं पर तीखी बयानबाजी भी की जा रही है। ऐसा ही एक बयान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर दिया, जिसपर विवाद बढ़ने लगा है। कांग्रेस ने मनोहर लाल खट्टर के इस बयान की तीखी आलोचना की है।
सोनिया गांधी पर की विवादित टिप्पणी
चुनाव प्रचार के दौरान सोनीपत पहुंचे सीएम खट्टर ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी गांधी को लेकर विवादित बयानबाजी की और कहा, 'लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल बाबा ने अध्यक्ष पद छोड़ दिया और कहा नया अध्यक्ष लाओ, गांधी परिवार से बाहर का लाओ। हमें लगा कि भाई ने बात तो अच्छी कही। परिवारवाद से दूर हटना अच्छी बात है, फिर ये लोग सारे देश में घूमने लगे अध्यक्ष के लिए। लेकिन तीन महीने बाद सोनिया गांधी को ही अध्यक्ष बना दिया। यानी खोदा पहाड़ निकली चुहिया, वो भी मरी हुई।'
ये भी पढ़ें: बंगाल: आसनसोल के कोयला खदान में फंसे 3 मजदूर, देर रात से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
खट्टर के बयान पर बढ़ा विवाद
खट्टर ने कहा कि ऐसा ही हाल हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष के साथ भी हुआ, वो भी जाते-जाते कह गया कि कांग्रेस ने पांच-पांच करोड़ में चुनाव के टिकट बेचे हैं। वहीं, हरियाणा के सीएम की इस विवादित टिप्पणी के बाद कांग्रेस भड़की हुई है। कांग्रेस पार्टी ने मनोहर लाल खट्टर के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उनसे माफी की मांग की।
|
कांग्रेस पार्टी ने की माफी की मांग
कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, 'भाजपा के मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया बयान ना केवल अशोभनीय और निम्नस्तरीय है, बल्कि ये भाजपा के महिला विरोधी चरित्र को भी दर्शाता है। हम मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बयान की निंदा करते हुए उनसे अतिशीघ्र माफी की मांग करते हैं।'