'विदेश से फंडिंग,अमेरिका खुश नहीं,नेपाल-बांग्लादेश बनाने की साजिश',हरीश साल्वे ने CJP आंदोलन पर लगाए आरोप
भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल और वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि देश में कुछ विरोध-प्रदर्शनों के पीछे विदेशी फंडिंग और बाहरी ताकतों का हाथ हो सकता है। साल्वे ने नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में हुए राजनीतिक बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में भी वैसा माहौल बनाने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार से ऐसे मामलों की जांच करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका की तरह भारत में भी अस्थिरता फैलाने की साजिश रची जा रही है। साल्वे ने दावा किया कि वैश्विक स्तर पर कुछ शक्तिशाली देश, खासकर अमेरिका, भारत की तेज आर्थिक और तकनीकी तरक्की से खुश नहीं हैं।

हरीश साल्वे ने CJP आंदोलन पर क्या कहा?
न्यूज एजेंसी IANS को दिए इंटरव्यू में हरीश साल्वे ने कहा कि उन्हें लगता है कि कुछ विरोध-प्रदर्शनों को विदेश से फंडिंग मिल रही है और उन्हें बाहर से बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि यह उनका आरोप है। साल्वे के मुताबिक, पिछले छह से आठ महीनों में उन्हें ऐसी गतिविधियों के बीच एक पैटर्न दिखाई दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक विकास, तकनीक और सैटेलाइट क्षमताओं को मजबूत करने जैसे कामों पर ध्यान दे रही है। वहीं, कुछ समूह सरकार को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। साल्वे ने यह भी कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह ऐसे मामलों की जांच करे और कानून के तहत कार्रवाई करे।
अमेरिका से लेकर नेपाल-बांग्लादेश तक का जिक्र
न्यूज एजेंसी IANS को दिए इंटरव्यू में हरीश साल्वे ने बाहरी ताकतों की भूमिका पर बेबाकी से बात रखी। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में शेख हसीना को सत्ता से बेदखल करने और श्रीलंका व नेपाल में उथल-पुथल मचाने के पीछे जिन शक्तियों का हाथ था, वही अब भारत को निशाना बना रही हैं।
साल्वे ने खुलकर अपनी बात रखते हुए कहा,
"ये प्रयास बाहर से फंडेड है, मैं तो आरोप लगा रहा हूँ कि ये बाहर से फंडेड है, ये बाहर से मोटिवेटेड है।" उन्होंने अमेरिकी रुख पर निशाना साधते हुए कहा, "कुछ विदेशी देश, खासकर अमेरिका, भारत से खुश नहीं हैं। क्या इस बात में कोई संदेह है कि नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में उथल-पुथल के पीछे कौन था? शेख हसीना को किसने हटाया और वहां नया प्रधानमंत्री कौन लेकर आया? मेरी राय में इन घटनाओं के पीछे बाहरी ताकतें थीं।"
साल्वे ने आगे यह भी जोड़ा कि जब भारत के वित्त मंत्री से अमेरिका के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स और वार्ताओं को लेकर पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि ये बातचीत एक स्तर पर आकर अटक गई है।
CJP नेताओं और यूट्यूबरों की भूमिका पर सवाल
आंदोलनों की अगुवाई कर रहे चेहरों पर सवाल उठाते हुए हरीश साल्वे ने कहा कि पिछले 6 से 8 महीनों में एक स्पष्ट पैटर्न देखने को मिला है। जब देश की सरकार होर्मुज संकट से निपटने, आर्थिक विकास, तकनीकी प्रगति और सैटेलाइट क्षमताओं को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है, तब कुछ खास समूह सरकार को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और अन्य प्रदर्शनकारियों का जिक्र करते हुए साल्वे ने कहा,
"ये दीपके जी कौन हैं, ये सौरव दास कौन हैं, एक यूट्यूबर है। ये सब कहां से आ गए, जर्मन नेशनल है। ये एकाएक बाहर के नेता बन गए। कहां से इतना पैसा मिल रहा है इनको?"
उन्होंने आगे कहा,
"पर्सनली मुझे कोई शक नहीं है कि एक कोशिश की जा रही है, मोदी सरकार जो आज फोकस्ड है, ये परेशान है कि मोदी सरकार झुक नहीं रही है तो हटाओ इनको। ऐसे लोग लाओ जो हमारे दोस्त हैं। मुझे कोई शक नहीं है। बड़ा क्लियर पैटर्न दिख रहा है पिछले 6-8 महीने से।"
भारत सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग
1999 से 2002 तक देश के सॉलिसिटर जनरल रहे और कुलभूषण जाधव मामले में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में भारत की जीत सुनिश्चित करने वाले पद्म भूषण हरीश साल्वे ने इन विरोध-प्रदर्शनों को जन-आंदोलन मानने से साफ इनकार कर दिया है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की यह स्पष्ट जिम्मेदारी बनती है कि वह इन प्रदर्शनों के पीछे छिपे विदेशी वित्तीय स्रोतों और फंडिंग के पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच करे। साल्वे के मुताबिक, देश के भीतर अस्थिरता पैदा करने की किसी भी विदेशी चाल पर कानूनी एजेंसियों को तुरंत और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
कौन हैं हरीश साल्वे? (Who Is Harish Salve)
हरीश साल्वे देश के जाने-माने वरिष्ठ वकील हैं। वह 1999 से 2002 तक भारत के सॉलिसिटर जनरल रहे। कुलभूषण जाधव मामले में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में भारत का पक्ष रखा था। वोडाफोन टैक्स विवाद समेत कई बड़े कानूनी मामलों में भी वह जुड़े रहे हैं। साल 2015 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।
फिलहाल CJP आंदोलन की फंडिंग को लेकर साल्वे के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में इस मामले में आगे की तस्वीर सरकारी जांच, वित्तीय दस्तावेजों और संबंधित पक्षों के जवाब से ही साफ होगी।


Click it and Unblock the Notifications
