Hardik Pandya: हार्दिक पंड्या के पास मिलीं 5 करोड़ की 2 घड़ियां, कस्टम विभाग ने की जब्त
मुंबई, 16 नवंबर। आईसीसी टी-20 विश्व कप में बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए हार्दिक पांड्या की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टीम इंडिया के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या रविवार (14 नवंबर) देर रात भारत पहुंचे लेकिन उनकी 5 करोड़ की 2 घड़ियों को कस्टम विभाग ने जब्त कर लिया क्योंकि हार्दिक के पास उन घड़ियों के बिल नहीं थे और ना ही उन्होंने उसे अपने सामान में इन्हें डिक्लेयर किया था।
Recommended Video

हार्दिक पंड्या के पास मिलीं 5 करोड़ की 2 घड़ियां
ICC टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद भारतीय टीम की वतन वापसी हो गई। पंड्या भी रविवार देर रात टीम के साथ ही लौटे थे, लेकिन कस्टम विभाग ने उन्हें रोका और उनकी दोनों घड़ियों को डिटेन कर दिया। डिटेन की गई दोनों घड़ियों की कीमत 5 करोड़ रुपए है।

खराब फार्म और फिटनेस से जूझ रहे हैं पांड्या
आपको बता दें कि पांड्या टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान ना केवल अपने खराब फार्म से जूझते दिखाई दिए बल्कि उनकी खराब फिटनेस का भी असर उनके खेल पर पड़ा और इसी कारण न्यूजीलैंड के साथ होने वाली सीरीज से पांड्या को बाहर कर दिया गया है। माना जा रहा है कि फिटनेस के चलते पांड्या लंबे वक्त तक टीम से बाहर रह सकते हैं।

अपना बेस्ट नहीं दे पाए हार्दिक पांड्या
मालूम हो कि टी20 विश्वकप में हार्दिक से काफी उम्मीदें थीं लेकिन वो अपना बेस्ट नहीं दे पाए। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में पांड्या ने पहले बल्ले से लोगों को निराश किया और फिर चोटिल होने की वजह से मैदान से बाहर हो गए और उन्होंने गेंदबाजी नहीं की , जिसकी वजह से इंडिया को नुकसान हुआ और वो बुरी तरह से पाकिस्तान से पराजित हो गया। इसके बाद न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ भी उनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। 5 मैचों की तीन पारियों में पंड्या 34.50 की औसत के साथ सिर्फ 69 रन बनाए थे। पूरे टूर्नामेंट में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला।
'हार्दिक पांड्या काफी स्मार्ट क्रिकेटर हैं'
हालांकि उन पर उठ रहे सवालों पर भारतीय टीम के नये उपकप्तान केएल राहुल ने कहा है कि 'हार्दिक पांड्या काफी स्मार्ट क्रिकेटर हैं और उन्हें अच्छी तरह से मालूम है कि उन्हें क्या करना है। मुझे पता है कि वो बहुत जल्द वापसी करेंगे।' मालूम हो कि भारत के साथ न्यूजीलैंड की 3 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज जयपुर (17 नवंबर) से होने जा रहा है। जिसके लिए टीम इंडिया पूरी तरह से तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications