Bihar News: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, तिरंगे के रंग में रंगेगा बिहार: नीतीश मिश्रा
बिहार के शहरी विकास और आवास मंत्री, नीतीश मिश्रा ने शहरी निकायों को वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान में जन भागीदारी बढ़ाने का निर्देश दिया है। इस योजना में बाइक और साइकिल रैलियां, वंदे मातरम् का गायन, डिजिटल भागीदारी और निवासियों के लिए राष्ट्रीय ध्वज मुफ्त में देना शामिल है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने राज्य के सभी नगर निकायों के अधिकारियों को ‘हर घर तिरंगा’ राष्ट्रीय अभियान के तहत व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना और उन्हें अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
नीतीश मिश्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह अभियान देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’की भावना को भी सुदृढ़ करेगा। उन्होंने नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, महिलाओं तथा सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बाइक और साइकिल तिरंगा रैली का होगा आयोजन
मंत्री ने कहा कि अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर बाइक, साइकिल और कार तिरंगा रैली, ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके अलावा डिजिटल माध्यमों से भी आम नागरिकों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर लेकर भारत सरकार के निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कर अभियान में डिजिटल रूप से भाग ले सकते हैं। इसके बाद वे अपनी सहभागिता का प्रमाण-पत्र भी डाउनलोड कर सकेंगे। नगर निकायों को नागरिकों को इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें डिजिटल सहभागिता के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।
नागरिकों को मुफ्त में उपलब्ध कराया जाएगा तिरंगा
नीतीश मिश्रा ने सभी नगर निकायों को अभियान के सफल आयोजन के लिए पर्याप्त संख्या में राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को निःशुल्क राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए राष्ट्रीय ध्वज जीविका से क्रय किए जा सकते हैं।
स्थानीय संगठनों के साथ समन्वय के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, बाजार समितियों और नागरिक समूहों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा, ताकि अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से बिहार में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक सहभागिता की भावना को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी नगर निकायों से अभियान को उत्साह और प्रभावी तरीके से संचालित करते हुए इसे व्यापक जन-अभियान का स्वरूप देने का आह्वान किया।


Click it and Unblock the Notifications
