PM मोदी के जन्मदिन पर बधाइयों की बौछार! राष्ट्रपति से लेकर विपक्ष तक, दुनिया भर से मिलीं शुभकामनाएं
Happy Birthday PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 75वां जन्मदिन पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पीएम मोदी को न सिर्फ भारतीय जनता पार्टी बल्कि विपक्षी दलों के नेता, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और लाखों कार्यकर्ता शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस खास अवसर पर BJP ने जन्मदिन को केवल जश्न तक सीमित न रखकर समाजसेवा से जोड़ने का निर्णय लिया है।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर "सेवा पखवाड़ा" चलेगा। इसके अंतर्गत देशभर में रक्तदान शिविर, नमो दौड़ और पौधरोपण जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता देश के करीब 1000 जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित करेंगे। इसके साथ ही 75 बड़े शहरों में 'नमो दौड़' रखी जाएगी। पौधरोपण समेत कई सामाजिक कार्यक्रम भी इस दौरान होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री को लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाओं का तांता भी लग गया है।

PM Modi Birthday: राष्ट्रपति और नेताओं की शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए लिखा कि उन्होंने अपने परिश्रम और नेतृत्व से देश में नई कार्यसंस्कृति बनाई है। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी स्वस्थ और दीर्घायु रहें।
राष्ट्रपति ने लिखा, "भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।"
'भारत ने चांद से लेकर समुद्र की गहराई तक इतिहास रचा'
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने चांद से लेकर समुद्र की गहराई तक इतिहास रचा है। उन्होंने स्वदेशी वैक्सीन से लेकर स्टार्टअप और रक्षा क्षेत्र तक देश को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, "मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक आकांक्षाओं का केंद्र भी बना है। अंतरिक्ष में चाँद के दक्षिणी ध्रुव से लेकर द्वारका में समुद्र की गहराई तक, उन्होंने विरासत और विज्ञान दोनों को गौरव दिलाया है। उनके नेतृत्व में आज भारत स्पेस सेक्टर में नए कीर्तिमान बना रहा है।
स्वदेशी कोविड वैक्सीन, स्वदेशी रक्षा प्रणाली, स्टार्टअप्स, इनोवेशन, किसानों की फसलों को उचित दाम दिलाने से लेकर मैन्युफैक्चरिंग मिशन तक, मोदी जी एक ऐसे भारत का निर्माण कर रहे हैं, जो हर क्षेत्र में स्वावलंबी हों।"
PM Modi Birthday: योगी आदित्यनाथ ने की प्रार्थना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदी जी को 'विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता' बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने देश को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। योगी ने प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की।
उन्होंने एक्स पर लिखा, "140 करोड़ भारतीयों की आशाओं-आकांक्षाओं के संवाहक, वैश्विक मंच पर 'नए भारत' को अग्रिम पंक्ति में प्रतिष्ठित करने वाले, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, हम सभी के मार्गदर्शक, 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की संकल्पना को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!
राष्ट्र सर्वोपरि और लोक-कल्याण की भावना को जीवन-साधना में उतारने वाले आपके अप्रतिम पुरुषार्थ, संवेदनशील नेतृत्व और अखण्ड कर्मनिष्ठा ने 'नए भारत' को आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन प्रदान करें, जिससे राष्ट्र को आपका सशक्त नेतृत्व और हम सभी को आपका मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।
नेताओं की ओर से बधाइयों की बौछार
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि गरीबों के जीवन में बदलाव मोदी जी की देन है और उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बनेगा। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुद्वारा बंगला साहिब में प्रधानमंत्री की लंबी उम्र के लिए अरदास की।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पिछले 8 साल से मोदी जी की टीम का हिस्सा होना उनका सौभाग्य है। पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री के 27 अंतरराष्ट्रीय सम्मान का जिक्र करते हुए कहा कि देश को निर्णायक और ईमानदार नेतृत्व मिला है।
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने मरघट हनुमान मंदिर जाकर प्रार्थना की। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि मोदी जी की दूरदर्शिता और राजनीतिक इच्छाशक्ति ने भारत को वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाया है।












Click it and Unblock the Notifications