चुनाव से पहले PM मोदी सरकार का तोहफा: रेल लाइन से जुड़े रोहतक और हिसार, बदलेगा 16 लाख लोगों का जीवन
विगत 16 फरवरी को केंद्र सरकार की ओर से हरियाणा के लोगों को एक अमूल्य उपहार मिला। यह उपहार था, अत्याधुनिक विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस नवनिर्मित हांसी रेलवे स्टेशन, जिसने यहां के 16 लाख लोगों के जीवन को बदल कर रख दिया। 68.5 किलोमीटर की इस परियोजना को पूरा करने में 889 करोड़ रूपये खर्च हुए।
कृषि पर आधारित प्रदेश हरियाणा के दो महत्त्वपूर्ण शहरों रोहतक और हिसार के बीच अब तक कोई सीधा रेल मार्ग नहीं था। लोगों को भिवानी से ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। इस नई रेल लाईन ने ना केवल रोहतक और हिसार को सीधे जोड़ा है, बल्कि रोहतक और हिसार के बीच की दूरी को लगभग 20 किलोमीटर कम भी कर दिया है। नई लाइन 6 बड़े और 41 छोटे पुलों को पार करती हुई, दोभ बहाली, मोखरा मदीना, मेहम, मुंडाहल कलां और गढ़ी स्टेशनों तक का सफर तय करती है।

लगभग पंद्रह सौ किलोमीटर की वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्राईट कॉरीडोर, केंद्र सरकार की एक और बड़ी रेल परियोजना है, जिससे हरियाणा को लाभ होना निश्चित है। यह कॉरीडोर उत्तर प्रदेश में दादरी से शुरू होकर हरियाणा में प्रीथला, रेवाड़ी और नरनौल होते हुए वाया राजस्थान मुंबई तक जाएगी। इस कॉरीडोर का निर्माण विशेषतः तेज़ गति से भारी माल के परिवहन के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इन सुविधाओं के विकास से किसानों और व्यापारियों को विशेष लाभ होगा, क्योंकि इन गाड़ियों से खास तौर पर उर्वरक, खाद्यान्न, नमक, कोयला, इस्पात और सीमेंट भेजा जा सकेगा। प्रत्येक ट्रेन चार सौ कंटेनर ले जाने में सक्षम होगी। ये भारतीय रेलवे की पहली ट्रेन होगी, जिसमें रेडियो संचार और जीएसएम आधारित ट्रैकिंग सिस्टम लगा होगा। हरियाणा के किसानों को इस फ्राईट कॉरीडोर के बनने का बड़ी बेसब्री से इंतेजार है, क्योंकि अब ये अपनी उपज को तेज़ी से और अधिक सुरक्षित तरीके से बाजार तक ले जाने में सक्षम होंगे।
माल ढुलाई से इतर, हरियाणा में रेल यात्रियों के लिये अब अधिक सुविधाजनक दौर की शुरूआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को हजारों करोड़ रूपये की कई और रेलवे परियोजनाओं की सौगात दी है।
208 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से फरीदाबार में एक विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। विदित हो कि इस स्टेशन से लाखों लोग यात्रा करते हैं। केंद्र सरकार गुरुग्राम, चंडीगढ़, अंबाला, करनाल, कुरूक्षेत्र और पानीपत जैसे भीड़भाड़े वाले स्टेशनों पर भी आधुनिक सुविधाओं के निर्माण की योजना बना रही है। इन परियोजनाओं से रेलवे के मौजूदा बुनियादी ढांचे पर दबाव कम होगा ही, साथ ही हरियाणा में हजारों लोगों को रोज़गार और यात्रा का सुखद अनुभव भी मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications