Hamid Ansari Ghazni Remark: ‘हिंदुस्तानी लुटेरे' वाले बयान पर BJP गर्म, 'कांग्रेस की मानसिकता यही है'
Hamid Ansari Ghazni Remark: पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के एक बयान पर फिर सियासी बवाल मच गया है। दरअसल अंसारी ने मध्यकालीन शासक महमूद गजनी और लोदी वंश के बारे में कहा था कि ये लोग हिंदुस्तानी लुटेरे थे। उन्होंने कहा, 'इन्हें विदेशी आक्रांता नहीं, बल्कि हिंदुस्तानी लुटेरे कहा जाना चाहिए।' उनके इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने कहा कि यह कांग्रेस की मानसिकता है।
हामिद अंसारी ने इंटरव्यू में कहा कि गजनी ने ये तोड़ा, वो तोड़ा ऐसे बयान राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में दिए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा,'यह समझने की जरूरत है कि वे यहीं के थे, बाहर से नहीं आए थे।' बीजेपी ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि यह कांग्रेस का इकोसिस्टम है। इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की कोशिश है।

Hamid Ansari Ghazni Remark: बीजेपी का कांग्रेस पर तीखा हमला
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने हामिद अंसारी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एक लंबा सोशल मीडिया पोस्ट लिखा है। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस का इकोसिस्टम है जो उस महमूद गजनी का महिमामंडन कर रहा है, जिसने सोमनाथ मंदिर को तोड़ा था। हिंदू धार्मिक प्रतीकों को अपवित्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके समर्थक हमेशा हिंदुओं पर अत्याचार करने वालों को सही ठहराने या महिमामंडित करने का काम करते रहे हैं।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि पहले यही इकोसिस्टम शरजील इमाम और उमर खालिद जैसे लोगों को "युवा नेता" बताता था। अब यही लोग महमूद गजनी को हिंदुस्तानी बताकर उसके अपराधों को हल्का करने की कोशिश कर रहे हैं। यह हिंदू आस्था और इतिहास के साथ खिलवाड़ का एक नया तरीका है।
BJP प्रवक्ता ने कहा, 'कांग्रेस का इकोसिस्टम ही ऐसा'
बीजेपी नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो भी साझा किया है। इस वीडियो में वो कहते हैं कि कांग्रेस इकोसिस्टम सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का विरोध करता है। यही लोग हैं, जो औरंगजेब जैसे शासकों के अपराधों पर पर्दा डालते हैं और हिंदुओं के खिलाफ हुई हिंसा को कमतर आंकते हैं। इस पूरे मामले ने एक बार फिर कांग्रेस के लिए असहज स्थिति बना दी है। कांग्रेस की ओर से इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, वहीं बीजेपी ने साफ किया है कि वह ऐसे बयानों का हर स्तर पर विरोध करती रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications