'लड़की को बस फॉलोअर्स और फेमस होना है',गुरुग्राम हिट एंड रन वाली सिया पर अब आरोपी के वकील ने लगाए इल्जाम

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन केस में अब आरोपी कल्याण बैंसला के वकील ने पीड़ित लेडी बाइकर सिया के आरोपों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। वकील ने दावा किया कि सड़क पर बाइकर्स के कारण रोज कई हादसे होते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिया घटना को सोशल मीडिया पर प्रचारित कर फॉलोअर्स और व्यूज हासिल करना चाहती हैं।

वहीं सिया का कहना है कि कार उनके बाइकिंग ग्रुप का पीछा कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कार सवार बार-बार उनकी बाइक के करीब आ रहे थे और उन्हें रुकने के लिए कह रहे थे। इसी बीच कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना का वीडियो बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ और बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

Gurugram Hit and Run Case

वकील ने सिया पर ही क्यों उठाए सवाल?

कल्याण बैंसला के वकील ने सिया के दावों को खारिज करते हुए घटना की अलग तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा कि कार में चार लोग सवार थे। इनमें कल्याण की बहन, बड़ा भाई और मामा का बेटा शामिल था। उनके मुताबिक परिवार दिल्ली रिश्तेदारों से मिलने गया था और वापस गुरुग्राम लौट रहा था।

वकील ने कहा, "सड़क पर बाइकर्स की वजह से रोज करीब 10 से 20 हादसे हो रहे हैं। वे ट्रैफिक को परेशान करते हैं और बाकी लोगों के लिए सड़क पर चलना मुश्किल बनाते हैं।" उन्होंने यह भी दावा किया कि गलती कार सवारों की नहीं थी। वकील के मुताबिक कार चालक फुटपाथ से बचने के लिए अपनी दिशा में थोड़ा बाईं तरफ गया और उसी दौरान बाइक उसके रास्ते में आ गई।

'140-170 की स्पीड से बाइक चला रही थीं'

वकील ने सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो का हवाला देते हुए सिया की बाइक की रफ्तार पर भी सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि बाइक करीब 140 से 170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। वकील ने कहा,

"वीडियो में उनकी बाइक की रफ्तार देखी जा सकती है। वह करीब 140 से 170 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड में चल रही थीं। यह सड़क स्टंट या इतनी तेज रफ्तार के लिए नहीं है।"

इसके बाद वकील ने सिया की सोशल मीडिया गतिविधि पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "इस घटना को विवाद बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर उछाला जा रहा है। वह महिला फॉलोअर्स चाहती है, व्यूज चाहती है और पब्लिसिटी चाहती है।" यह वकील का दावा है। इसकी स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच से होनी बाकी है।

सिया ने कार पर क्या आरोप लगाए थे?

सिया के मुताबिक रविवार सुबह वह अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक पर दूसरे बाइकर्स के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान एक कार उनके पीछे आने लगी। सिया का आरोप है कि कार सवार बार-बार उनकी बाइक के करीब आने की कोशिश कर रहे थे। उनके व्यवहार से वह असहज हो गई थीं। उन्होंने कार वालों से दूरी बनाए रखने को कहा। सिया के मुताबिक इसके बाद उन्हें रुकने के लिए कहा गया।

उनका यह भी आरोप है कि कार में बैठे लोग शराब के नशे में लग रहे थे। उन्हें डर था कि अगर वह बाइक रोकती हैं तो कार उन्हें रास्ते में घेर सकती है। इसलिए उन्होंने बाइक चलाना जारी रखा। सिया के पीछे उनका एक दोस्त भी बाइक पर था। उनके मुताबिक दोस्त ने कार को बार-बार उनके करीब आने से रोकने के लिए अपनी बाइक बीच में लाने की कोशिश की।

ओवरटेक करते वक्त हुआ टक्कर का दावा!

सिया के मुताबिक मामला उस वक्त बिगड़ा जब कार उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। उनका आरोप है कि कार उनकी बाइक के रास्ते में आई और साइड से टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद सिया बाइक से गिर गईं। बाइक कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटती चली गई। सिया भी सड़क पर फिसलती हुई आगे गईं। पूरी घटना उनकी बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी। बाद में यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने भी वीडियो को संज्ञान में लिया और केस दर्ज किया।

आरोपी मौके से क्यों चला गया?

इस मामले में एक बड़ा सवाल यह भी है कि टक्कर के बाद कार वहां क्यों नहीं रुकी। कल्याण बैंसला के वकील का कहना है कि मौके पर मौजूद बाइकर्स की भीड़ से लिंचिंग का डर था। वकील ने कहा,

"टक्कर के बाद वह इसलिए नहीं रुका क्योंकि उसे डर था कि बाइकर्स उसे घेरकर पीट सकते हैं। वहां रुकने के बजाय वह अपनी सुरक्षा के लिए वहां से निकल गया। यह फैसला आत्मरक्षा के डर में लिया गया था।"

दूसरी तरफ सिया का कहना है कि अगर कोई हादसा हो जाए तो चालक को पहले घायल व्यक्ति की मदद करनी चाहिए। इसी बिंदु पर दोनों पक्षों की कहानी पूरी तरह अलग है।

कार किसके नाम है और पुलिस ने क्या किया?

हादसे में इस्तेमाल कार मनीष नाम के व्यक्ति के नाम पर दर्ज बताई गई है। मनीष का कहना है कि घटना के वक्त कार वह नहीं चला रहा था। उसके मुताबिक कार कल्याण बैंसला के पास थी। सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। घटना को लेकर केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस के सामने वीडियो फुटेज, वाहन की स्थिति, घटनास्थल और दोनों पक्षों के दावों की जांच करना अहम है।

फिलहाल इस केस में सिया और आरोपी पक्ष की कहानी एक-दूसरे से काफी अलग है। सिया इसे कार की टक्कर और हिट एंड रन बता रही हैं, जबकि आरोपी पक्ष इसे सड़क पर अचानक बनी स्थिति और खुद को बचाने के लिए वहां से निकलने का मामला बता रहा है। अब जांच से यह साफ होना बाकी है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और उसके बाद कार चालक के वहां से जाने की असली वजह क्या थी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+