Gujarat News: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को दिलासा दिया, जल्द राहत पैकेज की घोषणा का आश्वासन
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने बेमौसम बारिश से हुए फसल नुकसान का आकलन करने के लिए एक व्यापक सर्वेक्षण शुरू किया है। सरकार का लक्ष्य 16,000 गांवों के प्रभावित किसानों को त्वरित राहत प्रदान करना है।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से हुई बेमौसम बारिश के कारण किसानों को हुए फसल नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर सर्वेक्षण कार्य शुरू करवाया है। उन्होंने स्वयं गीर सोमनाथ जिले के कडवासण और जूनागढ़ जिले के पाणीद्रा गांव का दौरा कर खेतों में खड़ी फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया और किसानों की व्यथा सहानुभूतिपूर्वक सुनी।

मुख्यमंत्री ने कहा, "राज्य सरकार किसानों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ी है और उन्हें नुकसान से उबारने के लिए शीघ्र राहत पैकेज घोषित किया जाएगा।" उन्होंने गांधीनगर से रीयल टाइम मॉनिटरिंग करते हुए उच्च स्तरीय बैठकें आयोजित कीं और सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सर्वेक्षण कार्य तेज़ी से पूरा करने के निर्देश दिए।
राज्य के लगभग 70% प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है। 4800 से अधिक टीमें सर्वेक्षण कार्य में जुटी हुई हैं। शेष क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य 24x7 प्रशासनिक प्रयासों से शीघ्र पूरा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के साथ मंत्री श्री अर्जुनभाई मोढवाडिया, डॉ. प्रद्युमन वाजा और राज्य मंत्री श्री कौशिकभाई वेकरिया भी प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण में शामिल रहे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि सरकार पूरी तत्परता से उनके पुनर्वास के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 249 तहसीलों के 16,000 से अधिक गांवों की कृषि फसलें प्रभावित हुई हैं। इस नुकसान का सर्वेक्षण होते ही उदारतम राहत सहायता पैकेज की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य सरकार के अन्य मंत्रियों ने भी प्रभावित जिलों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है:
- उप मुख्यमंत्री श हर्ष संघवी — सूरत
- कृषि मंत्री जीतूभाई वाघाणी — भावनगर
- आदिजाति विकास मंत्री नरेश पटेल — तापी
- वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुनभाई मोढवाडिया — जूनागढ़ और गीर सोमनाथ
- सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. प्रद्युमन वाजा — जूनागढ़
- राज्य मंत्री कौशिकभाई वेकरिया — अमरेली
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राहत कार्य केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना से प्रेरित है। सरकार का उद्देश्य किसानों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाकर उनकी आजीविका को पुनर्स्थापित करना है।












Click it and Unblock the Notifications