जिस बूथ पर अमित शाह ने आज डाला वोट, उससे जुड़ा है एक गहरा इतिहास
गुजरात में चल रहे दूसरे चरण के मतदान में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने पूरे परिवार के साथ वोट डाला। अमित शाह ने अहमदाबाद के नारनपुरा से विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। नारनपुरा क्षेत्र से भाजपा अध्यक्ष का पुराना नाता रहा है।

अहमदाबाद। गुजरात में चल रहे दूसरे चरण के मतदान में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने पूरे परिवार के साथ वोट डाला। अमित शाह ने अहमदाबाद के नारनपुरा से विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। नारनपुरा क्षेत्र से भाजपा अध्यक्ष का पुराना नाता रहा है। वो न केवल इस सीट से विधायक रहे हैं, बल्कि काफी समय तक उन्होंने यहां बतौर बूथ अध्यक्ष भी काम किया है।

इसी जगह बूथ अध्यक्ष का काम करते थे
शाह ने उसी क्षेत्र में मतदान किया, जहां से उनकी जिंदगी का एक अहम किस्सा जुड़ा हुआ है। 80 के दशक में, उन्हें यहां बूथ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बूथ प्रबंधकों को यह सुनिश्चित करने का काम सौंपा जाता था कि पार्टी समर्थकों से बात की जाए और मतदान के दिन वो आकर अपना वोट दें। पोलिंग एजेंट्स के साथ बूथ प्रबंधकों को मतदान के दौरान किसी भी अनियमितताओं के लिए चुनाव अधिकारियों को सूचित करना होता था।

नारनपुरा से विधायक भी रह चुके हैं
अगस्त में राज्य सभा के लिए चुने जाने से पहले विधानसभा चुनाव में शाह इसी क्षेत्र से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। शाह ने नारनपुरा से 2012 में चुनाव लड़ा था, इससे पहले वो सरखेज से विधायक थे।

ये काम होता था अमित शाह का
भाजपा के लिए अब इस क्षेत्र का प्रबंधन जगदीश देसाई करते हैं। अमित शाह के उन दिनों की बातें बताते हुए उन्होंने कहा, 'हां, अमित शाह और मैं कलीग्स हुआ करते थे। सिर्फ 25 साल पहले की बात है जब वो बूथ अध्यक्ष थे। ये बहुत ही अहम जिम्मेदारी है। हर बूथ में 750-900 मतदाता हैं और अध्यक्ष का काम यह सुनिश्चित करना है कि वो सभी आकर वोट करें।'

आज मतदान का दूसरा और अंतिम दिन
नारनपुरा में मतदान के बाद, भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रसिद्ध गुजरात विकास मॉडल की देशभर में सराहना की जाती है। उन्होंने कहा, 'लोगों को गुजरात मॉडल का विरोध करने वालों को सही जवाब देने के लिए बड़ी संख्या में मतदान करना चाहिए।' आज गुजरात विधानसभा चुनाव के मतदान का दूसरा और अंतिम दिन है। इसके परिणाम सोमवार, 18 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications