नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बम की खबर से मचा हड़कंप, जांच में जुटी जीआरपी
नई दिल्ली। रेलवे पुलिस को आज सुबह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना मिली। हालांकि फिलहाल तक की छानबीन में पुलिस को कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार रेलवे पुलिस को फोन सुबह 3 बजे आया।

बता दें कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है। यात्रियों के आवागमन और ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी के मामले में यह सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 185 रेलगाड़ियां शुरू होती हैं, पास होती हैं या समाप्त होती हैं। यहां से हर रोज 5,00,000 यात्री अपने अपने गंतव्य को जाते हैं।
मुजफ्फरनगर में हुआ है हादसा
गौरतलब है कि शनिवार देर शाम उत्तर प्रदेश स्थित मुजफ्फरनगर के खतौली में कटी पटरी पर ट्रेन चलने के कारण हादसा हो गया जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई। रेल मंत्रालय ने इस मामले में जांच के आदेश दिए। इसके साथ ही मुजफ्फरनगर रेल हादसे में रेलवे ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्दन रेलवे के जीएम समेत 8 के खिलाफ एक्शन लिया है। रेलवे ने नॉर्दन रेलवे के जीएम आरएन कुलश्रेष्ठ को छुट्टी पर भेज दिया है।
साथ ही दिल्ली रेलवे के एक डीआरएम को भी छुट्टी पर भेजा गया है। इसके अलावा रेलवे ने 4 इंजीनियरों को भी सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही चीफ ट्रैक इंजीनियर का तबादला कर दिया गया है। इस भीषण हादसे के बाद रेलवे की तरफ से यह पहली कार्रवाई है।












Click it and Unblock the Notifications